महासमुंद में धान खरीदी का 17वां दिन: 1.81 लाख टन से अधिक धान की रिकॉर्ड खरीद, अवैध परिवहन पर सख्त कार्रवाई

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

महासमुंद. राज्य सरकार के निर्देशों और पारदर्शी व्यवस्था के तहत महासमुंद जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सुचारू रूप से जारी है। आज धान खरीदी का 17वां दिन है, और जिले के 182 उपार्जन केंद्रों में अब तक कुल 1,81,264 मीट्रिक टन धान की खरीद दर्ज की गई है। इसमें मोटा धान 1,51,965 टन, पतला धान 12.2 टन और सरना धान 29,286.9 टन शामिल हैं। किसानों को समर्थन मूल्य पर उचित दाम मिलने से वे संतुष्ट और उत्साहित हैं।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार प्रशासन, सहकारिता, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा खरीदी व्यवस्था की सतत निगरानी की जा रही है। किसानों की सुविधा के लिए सभी केंद्रों में स्वच्छता, बैठने की व्यवस्था, प्राथमिक उपचार और तौल उपकरणों की नियमित जांच सुनिश्चित की गई है। सभी उपार्जन केंद्रों में एकीकृत मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से प्रतिदिन खरीदी का डेटा ऑनलाइन दर्ज किया जा रहा है। अधिकारी नियमित रूप से औचक निरीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण तुलाई और सुव्यवस्थित खरीदी व्यवस्था सुनिश्चित कर रहे हैं।

धान की गिरदावरी (फसल पंजीयन) का मिलान और सत्यापन भी जारी है, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध बिक्री पर रोक लगाई जा सके। निगरानी दल 24×7 सक्रिय रखे गए हैं, जिससे छोटी-से-छोटी अनियमितता पर भी तुरंत कार्रवाई संभव हो सके। राइस मिलों को मिलिंग क्षमता के अनुरूप धान उठाव, भंडारण और सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। भुगतान प्रक्रिया को गति देने के लिए बैंक और सहकारी समितियाँ समन्वय में कार्य कर रही हैं।

कलेक्टर ने जिले में पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की कार्रवाई के तहत अब तक 154 प्रकरण अवैध धान परिवहन, भंडारण एवं विक्रय से संबंधित दर्ज किए गए हैं। इसके साथ ही 18 राइस मिलों का भौतिक निरीक्षण कर प्रकरण दर्ज किए गए हैं। कुल 172 प्रकरणों में 26,047.84 क्विंटल धान संयुक्त टीम द्वारा जब्त किया गया है, जिससे महासमुंद जिले ने इस कार्रवाई में अग्रणी स्थान प्राप्त किया है।

जिले के प्रमुख मार्गों, अंतर्राज्यीय जांच चौकियों, राइस मिलों और उपार्जन केंद्रों में लगातार कड़ी निगरानी जारी है। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि उपार्जन अवधि के दौरान किसी भी प्रकार का अवैध भंडारण, परिवहन या अनुचित गतिविधि पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रक्रिया पूर्णत: पारदर्शी बनी रहे।

आज की संयुक्त कार्रवाई में अवैध परिवहन की दो अलग-अलग घटनाओं में कुल 791 कट्टा धान जब्त किया गया। बागबाहरा विकासखंड के तहत तहसील कोमाखान में ग्राम लिटियादादर में परिवहन के दौरान 350 कट्टा धान जब्त कर थाना कोमाखान को सुपुर्द किया गया। वहीं तहसील सरायपाली में ग्राम पतेरापाली में 441 कट्टा धान की अवैध परिवहन सूचना पर तत्काल दबिश देकर धान को जब्त कर नियमानुसार थाना सरायपाली को सौंपा गया।

छत्तीसगढ़ में अवैध धान परिवहन पर बड़ी कार्रवाई: 1.52 लाख क्विंटल से अधिक धान जब्त