नई दिल्ली.जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में बुधवार को आतंकवादियों के साथ एक मुठभेड़ में देश ने सेना के तीन जाबांज अफसर खो दिए हैं। इनमें एक कर्नल, एक मेजर और एक DSP का नाम शामिल है। सुरक्षाबलों को कोकेरनाग इलाके में जवानों पर हमले के साजिशकर्ता आतंकवादियों के छिपे होने की जानकारी मिली थी। एक टीम मौके पर पहुंची, इस बीच, दोनों तरफ ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई और सेना के राष्ट्रीय राइफल्स यूनिट के कमांडिंग ऑफिसर (कर्नल) मनप्रीत सिंह, एक कंपनी कमांडर (मेजर) आशीष धोंचक और एक जम्मू कश्मीर पुलिस में डीएसपी हुमायूं भट शहीद हो गए।
जानकारी के मुताबिक, सेना को खुफिया सूत्रों से आतंकवादियों के मूवमेंट की जानकारी मिली थी। जिसके आधार पर घेराबंदी का प्लान बनाया गया और इलाके में सेना के अधिकारियों के नेतृत्व में जवान आगे बढ़ रहे थे। जैसे ही सेना की टीम ऊंचाई वाली जगह पर पहुंचे तो वहां छिपे 2-3 आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी।
इस गोलीबारी में कर्नल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य दो अधिकारियों को गोलियां लगीं। उन्हें हवाई मार्ग से श्रीनगर के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। यह आतंकवादी लश्कर के प्रॉक्सी ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) से जुड़े थे। आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी ली है। प्रतिबंधित रेजिस्टेंस फ्रंट को पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा आतंकी संगठन माना जाता है।
#WATCH जम्मू एवं कश्मीर: अनंतनाग के कोकेरनाग इलाके का दृश्य जहां कल सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई थी।
(वीडियो समयानुसार नहीं है।)
इस चल रहे ऑपरेशन के दौरान कर्नल मनप्रीत सिंह, मेजर आशीष धोंक और डीएसपी हुमायूं भट्ट वीर गति को प्राप्त हुए हैं। pic.twitter.com/e1wdmBuCjw
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 14, 2023
अधिकारियों का मानना है कि यह वही आतंकवादियों का समूह है, जिसने 4 अगस्त को कुलगाम जिले के हलाण वन क्षेत्र के ऊंचे इलाकों में सेना के जवानों पर हमला किया था, जिसमें 3 जवान शहीद हो गए थे। गैरोल इलाके में आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन मंगलवार शाम को शुरू हुआ था, लेकिन रात में इसे बंद कर दिया गया था। बुधवार सुबह आतंकवादियों की फिर से तलाश शुरू हुई। सूचना मिली थी कि एक ठिकाने पर आतंकियों को देखा गया है। कर्नल सिंह ने आगे से अपनी टीम का नेतृत्व किया और आतंकियों पर हमला बोल दिया। वे आतंकियों की गोली से गंभीर रूप से घायल हो गए।