महासमुंद. आगामी धान खरीदी सीजन 2025 को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने अवैध धान परिवहन पर सख्ती शुरू कर दी है। इसी कड़ी में कलेक्टर विनय लंगेह ने बुधवार को ओड़िशा और छत्तीसगढ़ की सीमावर्ती चेकपोस्टों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी कीमत पर अवैध धान की आवाजाही को रोका जाए।
कलेक्टर श्री लंगेह ने सराईपाली विकासखंड के ग्राम राजाडीह और बसना विकासखंड के ग्राम अंकोरी में स्थापित सीमावर्ती चेकपोस्टों का औचक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने राजस्व, पुलिस और सहकारी विभाग के अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था, दस्तावेज़ जांच और निगरानी तंत्र की जानकारी ली।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि धान के अवैध परिवहन, भंडारण और विक्रय में शामिल किसी भी व्यक्ति या संस्था पर तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाए। सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए ताकि अन्य राज्यों से आने वाले अवैध धान की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
निरीक्षण के बाद कलेक्टर लंगेह ने स्थानीय सहकारी समितियों और उपार्जन केंद्रों का भी दौरा किया। उन्होंने धान तौल व्यवस्था, भंडारण स्थल, परिवहन व्यवस्था और सुरक्षा इंतज़ामों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग मिलकर काम करें।
कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिया कि खरीदी केंद्रों में माप-तौल मशीनों की जांच, बारदानों की पर्याप्त उपलब्धता, और धान के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि किसानों को पारदर्शी और निष्पक्ष खरीदी व्यवस्था का अनुभव हो, यही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने जिले के समस्त अधिकारियों से कहा कि धान खरीदी सीजन के दौरान सतर्कता और समन्वय बनाए रखें ताकि न तो कोई अवैध धान बाजार में पहुंचे और न ही किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलने में कोई दिक्कत आए।






