महासमुंद में धान खरीदी तेजी से जारी: 10 दिन में 51,555 टन से अधिक धान की खरीद
महासमुंद. राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप जिले में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीदी तेजी से जारी है। खरीदी शुरू होने के आज 10वां दिन है और जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में सभी उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी व्यवस्था सुचारु एवं पारदर्शी रूप से संचालित की जा रही है।
जिला खाद्य शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले की 130 समितियों के अंतर्गत संचालित 182 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से अब तक 51,555 टन से अधिक धान खरीदा जा चुका है। 26 नवंबर तक 1052.08 टन धान की खरीदी की योजना है। खरीदी केंद्रों पर किसानों की सुविधाएं, तौल व्यवस्था और सुरक्षा को प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जा रहा है।
कठोर निगरानी और पारदर्शिता के निर्देश
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने धान खरीदी कार्य की गुणवत्ता तथा पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी नोडल अधिकारियों को सघन निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। नोडल अधिकारी प्रतिदिन अपने-अपने केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में जुटे हैं।
राज्य सरकार की धान खरीदी नीति के 29 बिंदुओं की चेकलिस्ट के अनुसार तौल-कांटा व्यवस्था, बारदाना, गोदाम, पेयजल, बैठने की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और धान की गुणवत्ता जांच को कड़ाई से लागू किया जा रहा है।
किसानों को बिना बाधा तुलाई का अवसर
सभी केंद्रों से मिली रिपोर्ट के अनुसार, किसानों को टोकन के अनुसार समय पर तुलाई के लिए बुलाया जा रहा है, ताकि किसी को भी अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े। धान के परिवहन, भंडारण और तुलाई की पूरी प्रक्रिया की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
चखना सेंटर में पानी पाउच को लेकर विवाद, मारपीट, तेंदूकोना थाने में मामला दर्ज
महासमुंद जिले में बड़ी कार्रवाई: 720 कट्टा अवैध धान और 315 क्विंटल चावल जब्त, कई स्थानों पर छापेमारी