धान खरीदी अंतिम चरण में, कलेक्टर ने नोडल अधिकारियों को फील्ड में उतरने के दिए निर्देश
महासमुंद जिले में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सुबह 10 बजे से साप्ताहिक समय-सीमा बैठक आयोजित कर शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की गहन समीक्षा की। बैठक में धान खरीदी की प्रगति को लेकर विशेष चर्चा की गई और शासन के निर्देशानुसार पारदर्शिता के साथ खरीदी कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
धान उपार्जन केंद्रों के निरीक्षण के निर्देश, अवैध परिवहन पर सख्ती
कलेक्टर ने सभी नोडल अधिकारियों को धान उपार्जन केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। अंतर्जिला सीमाओं, विशेषकर ओडिशा बॉर्डर पर अवैध धान परिवहन को रोकने के लिए सतत निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया गया। कैमरा चेक, रकबा समर्पण, नापतौल और टोकन व्यवस्था की गहन जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के संकेत
कलेक्टर लंगेह ने बताया कि धान खरीदी के लिए केवल 13 दिन शेष हैं, ऐसे में सीमांत किसानों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी समिति या कर्मचारी की अवैध धान खरीदी में संलिप्तता पाई गई, तो उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
एसआईआर, सांसद-विधायक मद और आधार उपस्थिति की समीक्षा
बैठक में एसआईआर कार्यों की समीक्षा कर त्रुटि सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। सांसद एवं विधायक मद से स्वीकृत लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट में आधार-बेस्ड उपस्थिति को अनिवार्य करते हुए सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को सुबह 10 बजे से पहले उपस्थित रहने के निर्देश दिए।
बैठक में पीएम सूर्य घर योजना, आयुष्मान भारत योजना, ई-केवाईसी, अपार आईडी, पीएम जनमन, मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जन चौपाल, समय-सीमा पत्रक एवं राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी योजनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
अवैध धान कारोबार पर प्रशासन का शिकंजा, 217 कट्टा धान और पिकअप वाहन जब्त