कलेक्टर ने समय-सीमा बैठक में योजनाओं की प्रगति को लेकर दिए निर्देश
महासमुंद जिले में शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रभावी समीक्षा के उद्देश्य से कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज सुबह 10:30 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि कुमार साहू, सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), विभागीय जिलाधिकारी, जनपद सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
सिरपुर महोत्सव 2026 में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को किया गया सम्मानित
बैठक के दौरान कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सिरपुर महोत्सव 2026 के सफल आयोजन में सराहनीय योगदान देने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने और विभिन्न व्यवस्थाओं में बेहतर समन्वय के लिए बधाई दी।
राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की औपचारिक शुरुआत
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत स्वयं दवा सेवन कर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपस्थित जिला अधिकारियों ने भी दवा का सेवन किया। कलेक्टर ने बताया कि जिले में 10 से 25 फरवरी तक स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा सामूहिक दवा सेवन अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि डीईसी एवं एल्बेंडाजोल दवा का वितरण तय समय-सारणी और दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जाए तथा दवा सेवन स्वास्थ्य कर्मियों की निगरानी में सुनिश्चित हो।
आम नागरिकों से सहयोग की अपील
कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की कि वे फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों का सहयोग करें और स्वयं व अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों को दवा का सेवन अवश्य कराएं, ताकि महासमुंद जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाया जा सके।
धान उठाव की समीक्षा, भौतिक सत्यापन के निर्देश
बैठक में कलेक्टर लंगेह ने जिले में जारी धान उठाव की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने डीईओ के विरुद्ध लंबित धान उठाव मामलों पर गंभीरता दिखाते हुए निर्देश दिए कि जिन उपार्जन केंद्रों में धान का उठाव लंबित है, वहां प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने स्टॉक का भौतिक सत्यापन करने और धान खरीदी का पूर्णता प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि 15 फरवरी तक डीईओ जारी कर धान उठाव पूर्ण किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
आधार बेस्ड उपस्थिति और ई-ऑफिस प्रणाली अनिवार्य
कलेक्टर ने आधार आधारित उपस्थिति प्रणाली को सख्ती से लागू करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारी प्रतिदिन सुबह 10 बजे कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। उपस्थिति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही ई-ऑफिस प्रणाली को अनिवार्य बताते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि सभी फाइलों का मूवमेंट ई-फाइल के माध्यम से ही किया जाए, जिससे कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित हो सके।
शासन की प्राथमिक योजनाओं की व्यापक समीक्षा
बैठक में मुख्य सचिव द्वारा की गई समीक्षा के अनुरूप स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, जिला पंचायत, कृषि और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विभागों की योजनाओं की गहन समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर जिले को विकास के क्रम में अग्रणी बनाए रखना सभी विभागों की जिम्मेदारी है।
जनहित कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने पीएम जनमन, मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जन चौपाल, समय-सीमा पत्रक एवं राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनहित के कार्यों में तेजी, गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना सभी विभागों का दायित्व है।
‘बस्तर पंडुम’ बना बस्तर की बदली पहचान और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीकः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी