5 हड़ताली सहकारी समिति प्रबंधक सेवा से बर्खास्त किए गए, शासन की कार्रवाई

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

रायपुर. खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य 15 नवंबर 2025 से शुरू होना है, जिसके लिए राज्य सरकार द्वारा व्यापक तैयारी की जा रही है। छत्तीसगढ़ की 2058 पैक्स समितियों के अधीन 2739 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी का संचालन होना प्रस्तावित है।

इसी बीच पैक्स समितियों के सहकारी कर्मचारी संघ एवं कंप्यूटर ऑपरेटर संघ ने चार सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। राज्य शासन द्वारा कई दौर की चर्चा के बावजूद कर्मचारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं, जिसके कारण धान खरीदी की तैयारी, रबी ऋण वितरण, पीडीएस जैसी महत्वपूर्ण गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।

सरकार की ओर से कर्मचारियों को तत्काल कार्य पर लौटने के निर्देश दिए गए थे और सक्षम अधिकारी द्वारा नोटिस भी जारी किया गया था। इसके बावजूद प्रबंधक व डेटा एंट्री ऑपरेटर न तो ड्यूटी पर पहुंचे और न ही कोई लिखित जवाब प्रस्तुत किया।

इस स्थिति को गंभीर कदाचार मानते हुए समितियों के संचालक मंडल ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। 14 नवंबर को निम्न 5 समिति प्रबंधकों की सेवाएँ समाप्त कर दी गईं—

  • नरेन्द्र साहू, प्रबंधक – प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति, छाती (धमतरी)
  • ईश्वर श्रीवास, प्रबंधक – बोरतलाव समिति (राजनांदगांव)
  • गोविंद नारायण मिश्रा, प्रबंधक – पैक्स सोसाइटी चांपा
  • किशुन देवांगन, प्रबंधक – गठुला समिति, राजनांदगांव
  • चंद्रप्रताप सिंह, प्रबंधक – सेवा सहकारी समिति लखनपुर

राज्य शासन की यह कार्रवाई स्पष्ट संकेत देती है कि धान उपार्जन प्रणाली को बाधित करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और किसानों के हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल ने लिए बड़े फैसले: धान खरीदी से लेकर फ्लैट-विक्रय तक, जानें पूरी बातें