अवैध धान कारोबार पर प्रशासन का शिकंजा, 217 कट्टा धान और पिकअप वाहन जब्त
महासमुंद जिले में अवैध धान परिवहन और भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार गठित संयुक्त टीम ने बीती रात विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर कुल 217 कट्टा धान और एक पिकअप वाहन जब्त किया। यह कार्रवाई जिले में अवैध धान खरीदी पर रोक लगाने के उद्देश्य से की गई है।
बसना में बिना दस्तावेज धान परिवहन पकड़ा गया
बसना विकासखंड के ग्राम कुरचुंडी में जांच के दौरान बिना वैध दस्तावेजों के धान का परिवहन करते हुए 80 पैकेट धान जब्त किए गए। टीम ने मौके पर ही नियमानुसार कार्रवाई करते हुए धान को जब्त कर आगे की प्रक्रिया शुरू की।
पिथौरा में गोदाम पर छापा, 137 बोरी धान जब्त
पिथौरा विकासखंड के ग्राम भुरकोनी में संजय अग्रवाल के गोदाम पर छापेमार कार्रवाई के दौरान 137 बोरी धान अवैध रूप से संग्रहित पाई गई। जब्त धान को मंडी अधिनियम के तहत मंडी सचिव को सुपुर्द किया गया है, ताकि नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।
बागबाहरा में पिकअप वाहन समेत धान जब्त
बागबाहरा विकासखंड के ग्राम शिकारिपाली, तेंदूकोना क्षेत्र में अवैध धान से भरी एक पिकअप वाहन को टीम ने जब्त किया। वाहन में भरा धान बिना अनुमति के परिवहन किया जा रहा था, जिस पर वाहन जब्ती के साथ संबंधित प्रकरण दर्ज किया गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान खरीदी, भंडारण और परिवहन को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारियों को सतत निगरानी रखने और लगातार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
बिना टेंडर करोड़ों की खरीदी पर बड़ी कार्रवाई, प्राचार्य और अधिकारी सस्पेंड