अवैध धान भंडारण पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, 1350 कट्टा धान जब्त
महासमुंद जिले में अवैध धान भंडारण और संग्रहण के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर राजस्व एवं संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने जिले के दो विकासखंडों में छापेमारी कर कुल 1350 कट्टा धान जब्त किया है।
बसना विकासखंड में 1000 कट्टा धान बरामद
बसना अनुविभाग अंतर्गत एसडीएम हरिशंकर पैकरा के नेतृत्व में ग्राम मोहका में भौतिक सत्यापन किया गया। जांच के दौरान उत्तम कुमार बारीक के पास बिना वैध दस्तावेजों के 1000 कट्टा धान अवैध रूप से संग्रहित पाया गया। मौके पर ही नियमानुसार संबंधित रकबे का समर्पण कराया गया और आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू की गई।
बागबाहरा क्षेत्र में 350 कट्टा धान जब्त
वहीं बागबाहरा विकासखंड के खड़ा दरहा–मुंगासेर क्षेत्र में डिप्टी कलेक्टर शुभम देव के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। जांच में लगभग 350 कट्टा अवैध धान बरामद हुआ, जिसे नियमों के तहत मंडी प्रबंधन के सुपुर्द कर दिया गया।
कलेक्टर का सख्त संदेश
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने स्पष्ट किया है कि शासन के निर्देशों का उल्लंघन कर अवैध रूप से धान का भंडारण, परिवहन या संग्रहण करने वालों के खिलाफ सख्त और निरंतर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निगरानी और जांच अभियान और तेज करने के निर्देश दिए हैं।
कट मारकर बाइक चलाने से मना करने पर मारपीट