अवैध धान परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 3 मामलों में 1420 कट्टा धान जब्त

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

महासमुंद जिले में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार अवैध धान परिवहन, भंडारण और खरीदी के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जिले के सरायपाली और बागबाहरा विकासखंड में संयुक्त टीम द्वारा प्रभावी कार्रवाई करते हुए कुल 1420 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया।

सरायपाली में ओडिशा से आ रहा था अवैध धान

सरायपाली विकासखंड में एसडीएम अनुपमा आनंद के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने ओडिशा राज्य से अवैध रूप से धान परिवहन कर रहे एक पिकअप वाहन को पकड़ा। जांच के दौरान वाहन में 70 कट्टा धान पाया गया। मौके पर धान सहित वाहन को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए थाना सिंघोड़ा को सौंप दिया गया।

बागबाहरा में दो अलग-अलग मामलों में बड़ी जब्ती

वहीं बागबाहरा विकासखंड अंतर्गत एसडीएम नमिता मारकोले के नेतृत्व में ग्राम छुईहा में अवैध धान परिवहन के दो मामलों में कार्रवाई की गई।
पहले मामले में एक ट्रक की जांच की गई, जिसमें लगभग 600 कट्टा धान अवैध रूप से परिवहन करते पाया गया। धान को नियमानुसार जब्त कर मंडी के सुपुर्द किया गया।
दूसरे मामले में उसी क्षेत्र से एक अन्य वाहन से करीब 750 कट्टा अवैध धान बरामद किया गया, जिसे भी मंडी में जमा कराते हुए वैधानिक प्रक्रिया प्रारंभ की गई।

आगे भी जारी रहेगी सख्त कार्रवाई

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध धान परिवहन, भंडारण एवं खरीदी के विरुद्ध अभियान आगे भी सख्ती के साथ जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

तस्करी के दो मामलों में पांच लोग गिरफ्तार, साढ़े 17 लाख का गांजा बरामद, कोमाखान पुलिस की कार्रवाई