छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी भर्ती होगी पूरी तरह ऑनलाइन, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े करेंगी नई प्रणाली का शुभारंभ

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

रायपुर. छत्तीसगढ़ सरकार आंगनबाड़ी व्यवस्था को पारदर्शी, भरोसेमंद और तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े 19 दिसंबर शुक्रवार को प्रातः 11 बजे मंत्रालय स्थित महानदी भवन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका की ऑनलाइन भर्ती प्रणाली और नई विभागीय वेबसाइट का राज्य स्तरीय शुभारंभ करेंगी।

नई ऑनलाइन भर्ती प्रणाली के माध्यम से आवेदन से लेकर चयन तक की पूरी प्रक्रिया एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी। इससे योग्य अभ्यर्थियों को समान अवसर प्राप्त होंगे और चयन प्रक्रिया अधिक निष्पक्ष, सरल और स्पष्ट बनेगी। यह प्रणाली अभ्यर्थियों को अनावश्यक कार्यालयीन चक्कर लगाने और दस्तावेजी भ्रम से भी राहत दिलाएगी।

मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि इस डिजिटल पहल से भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और समय व संसाधनों की भी बचत होगी। ऑनलाइन सिस्टम के जरिए मानव संसाधन प्रबंधन अधिक प्रभावी होगा, जिससे महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में मजबूती आएगी।

राज्य सरकार की यह पहल शासन की कार्यप्रणाली को जनोन्मुखी और उत्तरदायी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। नई डिजिटल व्यवस्था से आम नागरिकों का विश्वास बढ़ेगा और छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी सेवाओं को आधुनिक स्वरूप प्रदान करने में यह प्रणाली एक अहम भूमिका निभाएगी।

जिले में इस दिन बंद रहेंगे शराब दुकान, कलेक्टर ने घोषित किया शुष्क दिवस