महासमुंद के बम्हनी धान खरीदी केंद्र पर सुचारु व्यवस्था, किसानों ने समर्थन मूल्य पर बेचा धान
महासमुंद. छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार महासमुंद जिले में धान खरीदी अभियान पूरी पारदर्शिता और सुव्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा रहा है। जिले का प्रदर्शन लगातार प्रदेश में अग्रणी बना हुआ है। इसी कड़ी में महासमुंद जिले के बम्हनी गांव स्थित धान खरीदी केंद्र पर किसानों को किसी भी तरह की असुविधा के बिना धान विक्रय की सुविधा मिल रही है।
बम्हनी धान खरीदी केंद्र पर एक ही दिन में कुल 14 किसानों ने अपनी उपज समर्थन मूल्य पर बेची, जिसमें कुल 741 क्विंटल धान की खरीदी दर्ज की गई। किसानों ने बताया कि तुलाई, उठाव और अन्य प्रक्रियाएं समय पर पूरी की गईं, जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।
धान बेचने आए ग्राम बम्हनी के किसान राजू यादव ने बताया कि उन्होंने 93.20 क्विंटल धान का सफलतापूर्वक विक्रय किया। उनके अनुसार केंद्र पर व्यवस्थाएं संतोषजनक हैं और किसानों को पूरा सम्मान मिल रहा है। वहीं मांघेलाल साहू ने केवल 2 एकड़ भूमि में की गई खेती से 47.20 क्विंटल धान बेचकर अपनी खुशी जाहिर की। इसी तरह किसान गजेंद्र कुमार यादव ने 11.20 क्विंटल धान का सहजता से विक्रय किया और बताया कि पर्याप्त हमाल उपलब्ध होने से तुलाई और उठाव में देरी नहीं होती।
बम्हनी केंद्र के ये आंकड़े किसानों की मेहनत, उन्नत खेती पद्धतियों और बेहतर फसल प्रबंधन को दर्शाते हैं। राज्य सरकार द्वारा इस वर्ष 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीदी की जा रही है, जिससे किसानों को आर्थिक मजबूती मिल रही है।
जिला प्रशासन द्वारा सभी धान खरीदी केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। टोकन वितरण, तुलाई और भुगतान की प्रक्रिया को सरल और समयबद्ध बनाया गया है, ताकि किसान बिना किसी बाधा के अपनी उपज का उचित मूल्य प्राप्त कर सकें। इस सुव्यवस्थित व्यवस्था से जिले के किसानों में संतोष और विश्वास का माहौल बना हुआ है।