बाबा गुरु घासीदास का “मनखे-मनखे एक समान” संदेश आज भी प्रासंगिक: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजधानी रायपुर के पेंशनबाड़ा स्थित शासकीय आदर्श पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास परिसर में आयोजित परमपूज्य बाबा गुरु घासीदास जी की 269वीं जयंती समारोह में शामिल हुए। उन्होंने छात्रावास के विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर बाबा गुरु घासीदास जी को श्रद्धापूर्वक नमन किया और उनके आदर्शों को स्मरण किया।

“मनखे-मनखे एक समान” का अमर संदेश

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी ने “मनखे-मनखे एक समान” का संदेश देकर पूरी मानवजाति को सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का मार्ग दिखाया। उनके विचार आज भी समाज को जोड़ने और भेदभाव रहित व्यवस्था की प्रेरणा देते हैं।

छात्रावास क्षमता बढ़ाने की बड़ी घोषणा

मुख्यमंत्री ने पेंशनबाड़ा स्थित शासकीय पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति छात्रावास की क्षमता बढ़ाकर 300 सीटर किए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के बीच यह आयोजन मनाना उनके लिए विशेष आनंद और संतोष का विषय है।

छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अध्याय

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जब समाज ऊँच-नीच और असमानता से जूझ रहा था, तब छत्तीसगढ़ की धरती पर बाबा गुरु घासीदास जी का अवतरण हुआ, जो प्रदेश के लिए गौरव की बात है। बाबा जी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर समाज को नई दिशा दी।

शिक्षा, रोजगार और पारदर्शिता पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार बाबा गुरु घासीदास जी के संदेशों को आत्मसात करते हुए प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। पिछले 25 वर्षों में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है और आज प्रदेश के विद्यार्थी आईआईटी, एम्स और नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अध्ययन कर रहे हैं। नई औद्योगिक नीति में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के उद्यमियों के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। पीएससी में भ्रष्टाचार के दोषियों पर कार्रवाई कर पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया लागू की गई है, जिससे युवाओं को योग्यता के आधार पर आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।

युवाओं के कौशल विकास पर विशेष जोर

कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती तभी सार्थक होगी, जब हम उनके उपदेशों को अपने जीवन में उतारें। उन्होंने युवाओं से सत्य के मार्ग पर अडिग रहते हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार रोबोटिक्स, ड्रोन टेक्नीशियन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी आधुनिक तकनीकों में प्रशिक्षण देकर युवाओं को भविष्य के लिए तैयार कर रही है।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

समारोह में शासकीय आदर्श पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक पंथी नृत्य ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में राजमहंत बंशी लाल कुर्रे, संदीप सूर्यवंशी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

जहां कभी रास्ता नहीं था, वहां पहुंची तरक्की: पीएम जनमन योजना से बदली बांसकुड़ा की कमार बस्ती