CG News Today: रेत से भरे ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश, प्रशासनिक अधिकारी बाल-बाल बचे

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

CG News: बिलासपुर जिले में अवैध रेत खनन पर कार्रवाई करने पहुंचे नायब तहसीलदार की जान पर उस वक्त बन आई, जब रेत माफिया से जुड़े ट्रैक्टर चालक ने उन्हें कुचलने की कोशिश की। यह गंभीर घटना रतनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सामने आई है, जहां प्रशासनिक सख्ती के बावजूद रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन धड़ल्ले से जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को नायब तहसीलदार राहुल साहू ग्राम गढ़वट में अवैध रेत उत्खनन की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने रेत से भरे एक ट्रैक्टर को रोका। ट्रैक्टर चालक रितुराज सिंह, निवासी खैरखंडी, ने घबराकर आधी रेत नदी में ही खाली कर दी और ट्रैक्टर लेकर मौके से भागने लगा। जब नायब तहसीलदार ने उसे रोकने का प्रयास किया तो चालक ने उन पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की।

सूझबूझ से बची नायब तहसीलदार की जान

ट्रैक्टर चालक के हमले की कोशिश के दौरान नायब तहसीलदार राहुल साहू ने तुरंत कूदकर अपनी जान बचाई। इसके बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर को तेज रफ्तार में बस्ती की ओर ले गया और फरार हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना के संबंध में नायब तहसीलदार ने रतनपुर थाने में आवेदन दिया, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। आरोपी को गिरफ्तार कर बेलतरा तहसीलदार की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत मिल गई।

जब्ती नहीं होने पर उठे सवाल

हैरानी की बात यह रही कि नायब तहसीलदार पर जानलेवा हमला करने की कोशिश के बावजूद न तो ट्रैक्टर जब्त किया गया और न ही अवैध रेत को कब्जे में लिया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी चालक पहले भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल रहा है और आदतन अपराधी है। इस मामले ने प्रशासनिक सख्ती और कार्रवाई की गंभीरता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस का पक्ष

रतनपुर थाना प्रभारी अनुसार नायब तहसीलदार के आवेदन के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से उसे जमानत मिली है।

महासमुंद जिले ने बनाया नया रिकॉर्ड, 10 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदी