छत्तीसगढ़: रायपुर. मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए पूर्वानुमान जारी किया है। बताया गया है कि राज्य के कुछ हिस्सों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। इस दौरान गरज चमक भी हो सकती है। राज्य में ऐसी स्थिति तीन-चार दिनों तक बनी रहेगी। फिलहाल गर्मी चरम पर है। दोपहर बाद मौसम में बदलाव आने की संभावना है। शाम-रात में हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि उत्तर-पश्चिम उत्तर-प्रदेश से दक्षिण बांग्लादेश तक एक द्रोणिका और दूसरी द्रोणिका दक्षिण-पूर्व मध्यप्रदेश से तटीय कर्नाटक तक है। इन दोनों ही सिस्टम के असर से अगले कुछ दिनों तक समुद्र से नमी आएगी। बुधवार-गुरुवार से नमी वाली हवा आने की संभावना है।
कहीं-कहीं हुई बूंदाबांदी
Chhattisgarh की राजधानी में पिछले 24 घंटे के दौरान हल्की बूंदाबांदी हुई। गुरुवार को दिन में करीब डेढ़ मिमी बारिश भी हुई। वातावरण में नमी रहने की वजह से प्रमुख शहरों का तापमान भी थोड़ा कम हुआ है। रायपुर में दिन का तापमान 41 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से एक कम है। बिलासपुर, अंबिकापुर, दुर्ग आदि जगहों पर भी पारा 40 से 42 डिग्री के बीच है।
वहीं नौतपा के पहले ही दिन प्रदेश में दोपहर की चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं की वजह से लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। भीषण गर्मी ने बेचैनी बढ़ा दी है। प्रदेश में सबसे ज्यादा 45 डिग्री तापमान जांजगीर-चांपा जिले में रिकॉर्ड किया गया। यहां लू की स्थिति बन गई थी। रायगढ़, महासमुंद, मुंगेली और बिलासपुर जिले में भी लू जैसे हालात हैं।
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले का तापमान 47 के करीब पहुंचा, झुलसाने वाली गर्मी से लोगों की मुश्किल बढ़ीं