Chhattisgarh Election 2023: छत्तीसगढ़ चुनाव माहौल शुरू हो गया है। वहीं यहां पार्टियों के स्टार प्रचारकों के शेड्यूल भी तय होने लगे हैं। भाजपा ने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इसके चलते आगामी दिनों में प्रदेश में पीएम नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के अलावा केंद्रीय मंत्री और दूसरे प्रदेश के मुख्यमंत्री आदि स्टार प्रचारकों की सभाएं होंगी। ऐसी सूचना मिल रही है कि पहले चरण के 7 नवंबर को होने वाले मतदान से पहले पीएम राजनांदगांव या फिर बस्तर में सभा ले सकते हैं। हालांकि अभी तक उनका शेड्यूल तय नहीं हुआ है।
महासमुंद, बिलासपुर-खैरागढ़ में असम के सीएम हिमंत बिस्वा की सभा
भाजपा के स्टार प्रचारक और असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा 26 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे। सरमा इस दिन प्रदेश में महासमुंद, बिलासपुर और खैरागढ़ में जनसभाओं को संबोधित करेंगे और नामांकन रैलियों में शामिल होंगे। वह 26 अक्टूबर को विशेष विमान से सुबह 10.20 बजे रायपुर पहुंचेंगे और फिर हेलिकाप्टर से 11 बजे महासमुंद जाएंगे। महासमुंद में सरमा पहले जनसभा को संबोधित करने के बाद फिर जिले की चारों विधानसभा के भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन दाखिले के लिए आहूत रैली में शामिल होंगे।
दोपहर 12.30 बजे सरमा महासमुंद से बिलासपुर के लिए रवाना होंगे। बिलासपुर में आहूत जनसभा को संबोधित करने के बाद सरमा वहां भाजपा प्रत्याशियों की नामांकन रैली में शामिल होंगे। इसके बाद सरमा अपराह्न 3.20 बजे खैरागढ़ पहुंचेंगे जहां वह भाजपा द्वारा आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। शाम 5 बजे खैरागढ़ से रवाना होकर सरमा राजधानी पहुंचेंगे और शाम 6 बजे नई दिल्ली होते हुए असम के लिए प्रस्थान करेंगे।
तीन महीने में चार बार छत्तीसगढ़ आए पीएम
गौरतल है कि पीएम मोदी पिछले तीन महीने में छत्तीसगढ़ में चार बार आए। इस दौरान उन्होंने इस बीच प्रदेश की जनता के लिए करोड़ों के कार्यों की शुरुआत भी की। अब प्रदेश में 7 नंवबर को होने जा रहे पहले चरण के मतदान के लिए प्रधानमंत्री मोदी यहां दो चुनावी सभा ले सकते हैं। पीएम की सभा राजनांदगांव व बस्तर में प्रस्तावित है।
CG Election 2023: वोटिंग के लिए ये 12 दस्तावेज भी मान्य