मुख्यमंत्री साय आज जारी करेंगे महतारी वंदन योजना की 24वीं किस्त

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 30 जनवरी को नारायणपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान महतारी वंदन योजना की 24वीं किस्त की राशि जारी करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश की 68,39,592 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में कुल 641 करोड़ 34 लाख रुपए की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से ट्रांसफर की जाएगी, जिससे लाखों परिवारों को सीधा आर्थिक सहारा मिलेगा।

महतारी वंदन योजना की शुरुआत 1 मार्च 2024 को महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से की गई थी। इस योजना के तहत 21 वर्ष या उससे अधिक आयु की विवाहित महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, ताकि वे अपनी दैनिक जरूरतों को पूरा करते हुए सम्मानजनक जीवन जी सकें।

योजना के शुभारंभ से लेकर अब तक 23 किस्तों के माध्यम से महिलाओं के खातों में कुल 14,954.42 करोड़ रुपए सीधे ट्रांसफर किए जा चुके हैं। यह पूरी प्रक्रिया डिजिटल और पारदर्शी होने के कारण न केवल भरोसे को मजबूत करती है, बल्कि महिला सशक्तिकरण को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाती है।

24वीं किस्त के रूप में 641.34 करोड़ रुपए जारी होने के बाद महतारी वंदन योजना के अंतर्गत वितरित कुल राशि बढ़कर 15,595.77 करोड़ रुपए हो जाएगी। यह आंकड़ा राज्य सरकार की महिला कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है और यह साबित करता है कि यह योजना छत्तीसगढ़ की लाखों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है।

तेंदूकोना धान खरीदी प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई, भौतिक सत्यापन में उजागर हुई गड़बड़ी