शीतलहर का कहर: इस जिले में कक्षा 1 से 5 तक स्कूल 10 जनवरी तक बंद, शाला समय में आंशिक संशोधन

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

अंबिकापुर. जिले में लगातार बढ़ती ठंड और शीतलहर के प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बड़ा निर्णय लिया है। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार कक्षा 1 से 5वीं तक के विद्यार्थियों के लिए जिले के सभी विद्यालय 10 जनवरी 2026 तक पूर्णतः बंद रहेंगे।

हालांकि इस दौरान सभी शिक्षक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ अपने निर्धारित समय पर विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। प्रशासन ने शिक्षकों और कर्मचारियों को ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की भी सलाह दी है।

यह आदेश जिले में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त एवं निजी विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय पूरी तरह छात्रहित और स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है।

शाला संचालन समय में आंशिक संशोधन

सरगुजा जिले में जारी शीतलहर को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर अजीत वसंत द्वारा पूर्व में जारी स्कूल समय-सारिणी आदेश में आंशिक संशोधन किया गया है। पहले यह संशोधित समय 31 जनवरी 2026 तक लागू किया गया था, लेकिन वर्तमान मौसम परिस्थितियों को देखते हुए अब 10 जनवरी 2026 तक ही यह संशोधित समय लागू रहेगा।

10 जनवरी के बाद

10 जनवरी 2026 के पश्चात विद्यालय पूर्व जारी आदेशानुसार 31 जनवरी 2026 तक संचालित किए जाएंगे।

दो पालियों में संचालित विद्यालयों का समय

प्रथम पाली

  • सोमवार से शुक्रवार: प्रातः 09:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक
  • शनिवार: दोपहर 12:30 बजे से शाम 04:00 बजे तक

द्वितीय पाली

  • सोमवार से शुक्रवार: दोपहर 12:30 बजे से शाम 04:00 बजे तक
  • शनिवार: प्रातः 09:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक

एक पाली में संचालित विद्यालयों का समय

  • सोमवार से शुक्रवार: प्रातः 10:00 बजे से शाम 04:00 बजे तक
  • शनिवार: प्रातः 09:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक

यह व्यवस्था जिले के सभी शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों पर लागू रहेगी।

प्रशासन की प्राथमिकता

जिला प्रशासन ने दोहराया है कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और ठंड से बचाव को ध्यान में रखते हुए ही यह निर्णय लिया गया है। मौसम सामान्य होने तक स्थिति की निरंतर समीक्षा की जाएगी।

एप डाउनलोड कराया और बैंक खाते से उड़ा लिए ढाई लाख, ऑनलाइन फ्रॉड का मामला