छत्तीसगढ़ में तेज हुई शीतलहर, तापमान में लगातार गिरावट
रायपुर. दिसंबर की शुरुआत के साथ ही छत्तीसगढ़ में उत्तरी हवा ने रफ्तार पकड़ ली है, जिसके कारण पूरे प्रदेश में ठंड तेज़ी से बढ़ने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार 10 दिसंबर की सुबह तक कई ज़िलों में शीतलहर के हालात बने रहेंगे। इसी कड़ी में रायपुर का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.5 डिग्री कम है। यह इस सीजन की सबसे ठंडी रातों में से एक मानी जा रही है।
इन जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने जिन जिलों में ठंड का असर अधिक रहने की चेतावनी दी है, उनमें शामिल हैं—
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, मनेन्द्रगढ़–चिरमिरी–भरतपुर, कोरिया, सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कबीरधाम, मुंगेली, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, बेमेतरा, रायपुर, दुर्ग, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बालोद और कोरबा।
इन क्षेत्रों के एक-दो हिस्सों में तापमान और नीचे गिर सकता है, जिससे ठंड का असर और अधिक तीखा महसूस होगा।
मैदानी इलाकों में हवा की रफ्तार बढ़ने से ठिठुरन तेज
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदेश में उत्तर-पूर्वी हवाओं का प्रवाह सक्रिय है, जिसके कारण रात का तापमान लगातार नीचे जा रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर पारा सामान्य से 3 से 5 डिग्री तक कम रिकॉर्ड किया गया है।
पर्वतीय और उत्तरी इलाकों में सुबह कोहरे की परत छाने की संभावना है। दूसरी ओर रायपुर, दुर्ग और बेमेतरा जैसे मैदानी ज़िलों में हवा की तेज़ी ने ठिठुरन और अधिक बढ़ा दी है।