कलेक्टर ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश, समय-सीमा बैठक में योजनाओं की व्यापक समीक्षा
महासमुंद जिले में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सुबह 10 बजे से साप्ताहिक समय-सीमा बैठक आयोजित कर जिले में संचालित शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि कुमार साहू, सभी अनुविभागीय अधिकारी, विभागीय जिलाधिकारी, जनपद सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन गांव की ओर अभियान पर विशेष फोकस
कलेक्टर ने प्रशासन गांव की ओर अभियान की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग, आरटीओ और आधार कार्ड से संबंधित शिविर नियमित रूप से लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक ग्रामीण इन शिविरों में भाग लें और प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री घोषणाओं और विकास कार्यों की समीक्षा
मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकृत कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि इस माह तक सभी कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण किए जाएं। जनपद सीईओ, आरईएस और पीडब्ल्यूडी विभाग को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही 01 जनवरी से सभी शासकीय पत्राचार ई-ऑफिस के माध्यम से करने और आधार आधारित उपस्थिति प्रणाली अनिवार्य करने की बात कही गई।
धान खरीदी और उठाव व्यवस्था पर सख्त निर्देश
धान खरीदी व्यवस्था की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने जिला नोडल अधिकारियों को प्रत्येक सप्ताह भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए, विशेष रूप से शनिवार और रविवार को। जिन राइस मिलों का डीओ कट चुका है, वहां से समय पर उठाव सुनिश्चित करने को कहा गया। बोगस उठाव पाए जाने पर संबंधित प्रबंधकों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। छोटे और सीमांत किसानों को प्राथमिकता देने पर भी विशेष जोर दिया गया।
सांसद खेल महोत्सव और सिरपुर महोत्सव की तैयारियां
बैठक में सांसद खेल महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। यह आयोजन 24 और 25 दिसंबर को महासमुंद के वन विभाग खेल परिसर में होगा। वहीं सिरपुर महोत्सव 2026 के आयोजन को लेकर कलेक्टर ने बताया कि यह 1 से 3 फरवरी तक भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध और स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।
जल संरक्षण, ई-केवाईसी और आवास योजनाओं पर निर्देश
कलेक्टर ने जल संचयन अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक जल संवर्धन कार्य करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत सीईओ ने बताया कि 16,000 संरचनाओं का प्रस्ताव तैयार किया गया है। राशन कार्ड ई-केवाईसी की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने मिशन मोड में लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत स्वीकृति, निर्माण प्रगति, किश्त भुगतान और जियो-टैगिंग की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
शिक्षा और जनसुनवाई से जुड़े निर्देश
कलेक्टर ने अपार आईडी शिविर लगाने, शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा पीएम जनमन, मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जन चौपाल, समय-सीमा पत्रक और राजस्व प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
भ्रष्टाचार पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव का एक्शन, 3 अभियंता निलंबित