कलेक्टर ने की मतदाता पुनरीक्षण और धान खरीदी तैयारियों की समीक्षा, दिए सख्त निर्देश — किसानों व मतदाताओं की सुविधा पर खास जोर

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

महासमुंद. जिले के कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सोमवार सुबह 10 बजे समय-सीमा की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने मुख्यमंत्री घोषणाओं, मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम और धान खरीदी तैयारियों की गहन समीक्षा की गई। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किए जाएं।

मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा

कलेक्टर लंगेह ने मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम पर चर्चा करते हुए कहा कि सभी बीएलओ (BLO) गणना पत्रक का वितरण सुनिश्चित करें ताकि अधिकतम मतदाताओं तक यह दो दिनों के भीतर पहुंच जाए।
अब तक लगभग 75 प्रतिशत मतदाताओं को गणना पत्रक वितरित किया जा चुका है। उन्होंने एआरओ और ईआरओ को भरे हुए गणना और घोषणा पत्रों के डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि पहले गणना पत्रक का वितरण और फिर उसका कलेक्शन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बीएलओ को 4 दिसंबर तक घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं का सत्यापन कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
साथ ही, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पात्र मतदाताओं को जोड़ा जाए और अपात्रों को हटाया जाए, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह सटीक रहे।

कलेक्टर ने जिले के नागरिकों से मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र की सशक्तता नागरिक सहभागिता से ही संभव है।

धान खरीदी की तैयारियों पर कलेक्टर के निर्देश

बैठक में कलेक्टर लंगेह ने धान खरीदी 2025 की तैयारियों की भी बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से शुरू हो जाएगा।
सभी नोडल और प्रभारी अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि 12 नवंबर को सुबह 10 बजे ट्रायल रन किया जाए, ताकि खरीदी केंद्रों की सभी व्यवस्थाएं पूर्व परीक्षण से गुजरें।

कलेक्टर ने सभी नोडल अधिकारियों को कहा कि वे अपने आबंटित उपार्जन केंद्रों में सभी आवश्यक सुविधाएं जैसे कि तौल उपकरण, ऑनलाइन एंट्री सिस्टम, मिलान पर्ची व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता सुनिश्चित करें।

उन्होंने 16 चेक पोस्टों पर तैनात अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे धान की आवक और अवैध परिवहन पर कड़ी निगरानी रखें। जरूरत पड़ने पर नए चेक पोस्ट खोले जा सकते हैं।
अवैध परिवहन करते वाहन पाए जाने पर तुरंत सीज कर प्रकरण दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर ने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए धान खरीदी नीति के 29 बिंदुओं की चेकलिस्ट के अनुसार सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं।

उन्होंने यह भी कहा कि खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और सहज बनाने के लिए सीसीटीवी निगरानी टीमों द्वारा निरंतर मॉनिटरिंग की जाए, ताकि किसानों को हर स्तर पर सहयोग मिल सके।

मुख्यमंत्री निर्देशों और योजनाओं की समीक्षा

बैठक में कलेक्टर लंगेह ने मुख्यमंत्री द्वारा कलेक्टर कॉन्फ्रेंस के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की।
उन्होंने विभागवार मुख्यमंत्री घोषणाओं, जनदर्शन कार्यक्रमों, कलेक्टर जन चौपाल, समय सीमा पत्रक और राजस्व प्रकरणों की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की।

कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों और मांगों का गुणवत्तापूर्ण और समय पर निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि जनता को शासन की योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह की यह बैठक जिले के प्रशासनिक तंत्र को मजबूत करने, किसानों की सुविधा बढ़ाने और मतदाता जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई है।

प्रशासन का लक्ष्य है कि महासमुंद जिले के सभी पात्र नागरिकों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी मिले और किसानों को धान खरीदी में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि कुमार साहू, सभी अनुविभागीय अधिकारी, विभागीय अधिकारी, जनपद सीईओ, और नगरीय निकायों के सीएमओ सहित ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से उपस्थित रहे।

कलेक्टर जन चौपाल में सुनी लोगों की समस्याएं