बालोद में होगा देश का पहला राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी, जानिए क्या है खास
National Rover Ranger Jamboree 2026: बालोद जिला छत्तीसगढ़ के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, नई दिल्ली के तत्वावधान में जिला मुख्यालय के समीप ग्राम दुधली में 09 से 13 जनवरी 2026 तक प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन देश में पहली बार हो रहा है, जिसमें छत्तीसगढ़ के 4,252 प्रतिभागियों सहित देश-विदेश से लगभग 15,000 रोवर, रेंजर और सीनियर स्काउट-गाइड शामिल होंगे।
09 जनवरी को राज्यपाल करेंगे जंबूरी का शुभारंभ
प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी का शुभारंभ शुक्रवार 09 जनवरी 2026 को दोपहर 2:00 बजे राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल जैन करेंगे, जो इस आयोजन को राष्ट्रीय पहचान प्रदान करेगा।
उद्घाटन समारोह में जुटेंगे विशिष्ट अतिथि
उद्घाटन समारोह में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, कांकेर लोकसभा सांसद भोजराज नाग और मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के.के. खंडेलवाल उपस्थित रहेंगे। इनके साथ विधायकगण, राज्य व जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय पदाधिकारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएंगे।
12 जनवरी को मुख्यमंत्री होंगे समापन समारोह के मुख्य अतिथि
जंबूरी का समापन समारोह 12 जनवरी 2026 को आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन के विभिन्न दिनों में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रहेगी।
भारतीय और वैश्विक संस्कृति का भव्य संगम
पांच दिवसीय इस राष्ट्रीय जंबूरी में छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों और अन्य देशों से आए प्रतिभागी रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। इस आयोजन के माध्यम से छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति, भारतीय परंपराओं और वैश्विक संस्कृति की अनुपम झलक देखने को मिलेगी।
रोमांचक, शैक्षणिक और नेतृत्व विकास गतिविधियाँ
जंबूरी के दौरान मार्च पास्ट, एथनिक फैशन शो, एडवेंचर एरिया, वॉटर स्पोर्ट्स, कैम्प फायर, रोड कैम्प फायर, राज्य प्रदर्शनी, आदिवासी कार्निवल, राष्ट्रीय युवा दिवस, मास ट्री प्लांटेशन, आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण, बैंड प्रतियोगिता, युवा संसद, क्विज प्रतियोगिता और लोक नृत्य जैसी अनेक गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी, जो युवाओं में नेतृत्व और सेवा भावना को मजबूत करेंगी।
सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधाओं की पुख्ता व्यवस्था
आयोजन स्थल पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जंबूरी काउंसिल और जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं। जंबूरी मार्केट में खाद्य सामग्री, दवाइयाँ और आवश्यक वस्तुएँ उपलब्ध रहेंगी। शुद्ध पेयजल, स्वच्छता व्यवस्था, शौचालय और स्नानघर के साथ 30 बिस्तरों वाला अस्थायी अस्पताल, 24 घंटे चिकित्सकीय सुविधा, अग्निशमन, पुलिस, यातायात और सुरक्षा बलों की तैनाती तथा एनडीआरएफ टीम की विशेष व्यवस्था की गई है।
बालोद और छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण
प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी बालोद जिला और पूरे छत्तीसगढ़ राज्य के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। इस आयोजन से जिले की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सशक्त होगी, साथ ही युवाओं में राष्ट्र निर्माण, अनुशासन और सामाजिक सेवा की भावना और अधिक प्रबल होगी।
एकीकृत किसान पोर्टल में कैरी फारवर्ड, नवीन पंजीयन के लिए समितियों को दिए गए निर्देश