उदंती–सीतानदी अभ्यारण्य में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 6 शिकारी गिरफ्तार

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

रायपुर. छत्तीसगढ़ में वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर वन विभाग ने अवैध शिकार के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। राज्य के वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश और प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) के मार्गदर्शन में वन विभाग द्वारा लगातार निगरानी और विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में उदंती–सीतानदी अभ्यारण्य क्षेत्र में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।

गरियाबंद जिले के कुल्हाड़ीघाट परिक्षेत्र अंतर्गत ओड़ सर्कल में वन विभाग ने वन्यजीव अपराध के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए 6 शिकारियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एंटी स्नेयर वॉक अभियान के दौरान की गई, जिसका उद्देश्य जंगलों में बिछाए गए फंदों को हटाना और वन्यजीवों को सुरक्षित रखना है।

वन विभाग की टीम ने सतर्क गश्त और तकनीकी निगरानी के आधार पर ग्राम सुनाबेड़ा (ओडिशा) के 2 और ग्राम ओड़ के 4 आरोपियों को मौके से पकड़ा। गिरफ्तार किए गए शिकारियों के पास से खरगोश पकड़ने के फंदे, तीर-कमान और मछली पकड़ने के जाल जैसी अवैध शिकार सामग्री बरामद की गई।

वन अधिकारियों के अनुसार, इन सभी आरोपियों के खिलाफ दो अलग-अलग प्रकरणों में प्रारंभिक अपराध रिपोर्ट (P.O.R.) दर्ज की गई है। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए सभी 6 अभियुक्तों को 7 जनवरी को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, गरियाबंद के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शिकार रोकने के लिए अब जंगलों में गश्त और अधिक कड़ी की जा रही है। इसके तहत आधुनिक तकनीक जैसे ड्रोन, ट्रैप कैमरे, प्रशिक्षित वनकर्मियों की तैनाती, स्थानीय समुदायों की भागीदारी और जागरूकता अभियानों को प्राथमिकता दी जा रही है। पिकनिक या अन्य गतिविधियों की आड़ में होने वाले अवैध शिकार पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।

वन विभाग की यह कार्रवाई न केवल वन्यजीवों की सुरक्षा की दिशा में अहम कदम है, बल्कि शिकारियों के लिए कड़ा संदेश भी है कि जंगलों और वन्यप्राणियों के साथ किसी भी तरह की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

घटिया सड़क निर्माण पर सख्त एक्शन: दो अभियंता निलंबित, कार्यपालन अभियंता को शो-कॉज नोटिस