गांजा तस्करी: दुर्ग GRP के सिपाही के चलाए जा रहे गांजा गैंग पर पुलिस ने कार्रवाई की है। मामले में दुर्ग पुलिस ने चार गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। जिसमें एक जीआरपी का सिपाही भी शामिल है। वहीं मुख्य सरगना फरार बताया जा रहा है। दुर्ग पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से 11 किलोग्राम गांजा जब्त किया है।
मोहन नगर पुलिस ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़े पैमाने पर गांजा की तस्करी की जा रही है। इस अवैध काम में दुर्ग GRP भी शामिल है। उनके द्वारा रेलवे से गांजा की सप्लाई करवाई जाती है। TI ने इसकी जानकारी दुर्ग CSP वैभव बैंकर को दी।
CSP ने इसके लिए एक विशेष टीम गठित की। टीम मामले की जांच कर ही रही थी कि 21 मई को उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग सूर्या होटल के पीछे पीपल के पेड़ के पास बैठे हैं। उनके पास बड़ी मात्रा में गांजा है और वे ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस ने उस जगह को घेर लिया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उनके पास रखे बैग में गांजा मिला।
पकड़े गए आरोपियों में एक आरोपी राजनांदगांव GRP का सिपाही है। उसने अपना नाम शैलेष कुमार ध्रुव (34) निवासी रेलवे कॉलोनी दुर्ग बताया। इसके साथ ही 3 अन्य आरोपी गांधी चौक तीतुरडीह दुर्ग निवासी अजय कुमार दुबे (26), शिव मंदिर के पास तीतुरडीह दुर्ग निवासी अरुण कुमार यादव (29) और बम्हनी शुकुल दैहान राजनांदगांव निवासी अजय कुमार वर्मा (30) को भी गिरफ्तार किया है।
गांजा तस्करी गैंग का मुख्य सरगना दुर्ग GRP में पदस्थ सिपाही वसीम अहमद निवासी केलाबाड़ी दुर्ग को बताया जा रहा है। गिरफ्तार हुए GRP के सिपाही शैलेष कुमार ने बताया कि उनके पास जो गांजा जब्त किया गया है उसे वसीम अहमद ने दिया है। उसके द्वारा ट्रेन से गांजा मंगाकर रेलवे एरिया से बाहर निकालकर तस्करों के हवाले किया जाता है। वसीम इससे पहले 5-6 बार गांजा की बड़ी खेप इन आरोपियों के हवाले की है। गांजा बेचकर बिक्री की रकम को वसीम को देते हैं और फिर वह आगे तस्करों तक पहुंचाता है। कार्रवाई होने की खबर लगते ही वसीम अपना मोबाइल बंद कर फरार हो गया है। दुर्ग पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले का तापमान 47 के करीब पहुंचा, झुलसाने वाली गर्मी से लोगों की मुश्किल बढ़ीं
छत्तीसगढ़-तेलंगाना बार्डर पर बड़ी मात्रा में विस्फोटक बरामद, 10 नक्सली गिरफ्तार