Govt Jobs 2026: आयुष मंत्रालय में तगड़ी सैलरी वाली नौकरी
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी खुशखबरी है। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय ने राष्ट्रीय आयुष मिशन (NAM) के तहत केन्द्रीय कार्यक्रम प्रबंधन इकाई (CPMU) में भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 20 पदों को संविदा आधार पर भरा जाएगा। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार डाक या ईमेल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि विज्ञापन जारी होने की तारीख से एक माह निर्धारित की गई है।
कैसे और कहां करें आवेदन
आयुष मंत्रालय के अनुसार, अभ्यर्थी अपना आवेदन ईमेल आईडी nampmu-ayush@gov.in पर भेज सकते हैं। इसके अलावा उम्मीदवार चाहें तो आवेदन पत्र डाक द्वारा भी भेज सकते हैं। डाक से आवेदन भेजने का पता है—उप निदेशक, राष्ट्रीय आयुष मिशन, आयुष मंत्रालय, कमरा संख्या 402-बी, आयुष भवन, बी-ब्लॉक, जीपीओ कॉम्प्लेक्स, आईएनए, नई दिल्ली–110023। मंत्रालय ने साफ किया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
पदों के अनुसार शैक्षणिक योग्यता और अनुभव
इस भर्ती में अलग-अलग पदों के लिए योग्यता और अनुभव तय किए गए हैं। वरिष्ठ कार्यक्रम प्रबंधक के एक पद के लिए पीजी डिप्लोमा या एमबीए की डिग्री अनिवार्य है, साथ ही सरकारी क्षेत्र में 15 वर्ष से अधिक का अनुभव होना चाहिए।
जन स्वास्थ्य डोमेन विशेषज्ञ के आठ पदों के लिए BAMS, BHMS या समकक्ष डिग्री के साथ जन स्वास्थ्य में मास्टर डिग्री जरूरी रखी गई है। इसके अलावा इस क्षेत्र में कम से कम पांच साल का अनुभव भी मांगा गया है।
सीनियर कंसल्टेंट के दो पदों के लिए आयुष स्ट्रीम में स्नातक डिग्री और सार्वजनिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों में सात वर्ष का अनुभव आवश्यक है।
जूनियर कंसल्टेंट के चार पदों के लिए आयुष स्ट्रीम में स्नातक डिग्री के साथ सार्वजनिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों में पांच साल का अनुभव जरूरी है।
वित्त प्रबंधक के एक पद के लिए एमबीए फाइनेंस, एम.कॉम, सीए या आईसीडब्ल्यूए की डिग्री और वित्त क्षेत्र में कम से कम पांच साल का अनुभव होना चाहिए।
अकाउंट मैनेजर के एक पद के लिए एमबीए फाइनेंस, एम.कॉम, सीए या आईसीडब्ल्यूए इंटर की योग्यता मांगी गई है, साथ ही तीन साल का अनुभव अनिवार्य है।
डेटा सहायक के तीन पदों के लिए एमबीए आईटी, एमसीए, एमएससी आईटी या बीसीए की डिग्री के साथ डेटा या आईटी क्षेत्र में तीन साल का अनुभव आवश्यक है।
सैलरी डिटेल्स: किस पद पर कितनी मिलेगी सैलरी
वेतन की बात करें तो वरिष्ठ कार्यक्रम प्रबंधक को ₹1,00,000 प्रतिमाह का समेकित पारिश्रमिक दिया जाएगा।
जन स्वास्थ्य डोमेन विशेषज्ञ को ₹75,000 प्रतिमाह सैलरी मिलेगी।
सीनियर कंसल्टेंट को ₹65,000 और जूनियर कंसल्टेंट को ₹60,000 प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा।
वित्त प्रबंधक को ₹60,000 प्रतिमाह सैलरी मिलेगी।
अकाउंट मैनेजर के लिए ₹50,000 प्रतिमाह और डेटा सहायक को ₹35,000 प्रतिमाह वेतन निर्धारित किया गया है।
रेलवे में बंपर भर्ती, 1.5 लाख पदों पर जल्द आएगा नोटिफिकेशन