महासमुंद. जिले के प्रभारी मंत्री एवं खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने सोमवार को महासमुंद विकासखंड के बिरकोनी तथा झलप धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने खरीदी व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पारदर्शिता, सुगमता और समयबद्ध तरीके से खरीदी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री बघेल ने केंद्र में मौजूद किसानों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि बारदाना, तौल और सुविधा व्यवस्था संतोषजनक है। मंत्री ने धान की तौल, नमी परीक्षण, गुणवत्ता जांच एवं स्टैकिंग सिस्टम का प्रत्यक्ष अवलोकन भी किया।
मंत्री बघेल ने किसानों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और धान खरीदी प्रक्रिया को और अधिक व्यवस्थित कराने हेतु आवश्यक कदम तेजी से उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि टोकन की लिमिट बढ़ाई जाएगी, जिससे अधिक संख्या में किसान लाभ उठा सकें। साथ ही उन्होंने किसानों से अपील की कि वे धान को साफ-सुथरा करके ही केंद्र लाएं, जिससे किसी प्रकार की समस्या न हो।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि—
- किसी किसान को अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े
- नमी परीक्षण की प्रक्रिया पूर्णतया पारदर्शी हो
- तौल मशीनों का नियमित कैलिब्रेशन सुनिश्चित किया जाए
- खरीदी केंद्रों की सभी सुविधाएँ उपलब्ध रहें
- सीसीटीवी कैमरे हमेशा सक्रिय रहें
निरीक्षण के दौरान विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह सहित बड़ी संख्या में किसान एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर विनय लंगेह ने मंत्री को खरीदी की वर्तमान स्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि जिले के 182 उपार्जन केंद्रों में खरीदी सुचारू रूप से जारी है। आज खरीदी का 13वां दिन है और अब तक 1 लाख 14 हजार टन धान खरीदा जा चुका है। बिरकोनी केंद्र में 2727 किसानों का पंजीयन है, जिनमें से अब तक 153 किसानों से 11,122 क्विंटल धान खरीदा गया है, जबकि आज 22 किसानों के टोकन जारी किए गए।
इस अवसर पर जिला-स्तरीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
योजनाओं के लिए मोबाइल कैंप: यहां देखें अपने विकासखंड की तिथि और स्थान










