महासमुंद जिले में बड़ी कार्रवाई: 1087 कट्टा अवैध धान जब्त, कलेक्टर के निर्देश पर लगातार अभियान तेज
महासमुंद. कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर जिले में अवैध धान परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जिला प्रशासन की सख्त कार्रवाई के तहत राजस्व, खाद्य, सहकारिता विभाग एवं मंडी प्रबंधन की संयुक्त टीमों ने बीती रात और आज विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर कुल 1087 कट्टा धान जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बागबाहरा विकासखंड क्षेत्र में संयुक्त टीम द्वारा ग्राम खेमड़ा में जांच के दौरान उत्तर सिंह, खिलावन और पुनीत राम पिता शोभा राम धृतलहरे के मकान तथा तीन ट्रैक्टर–ट्रॉली में 575 कट्टा धान मिला। पूछताछ में उत्तर सिंह ने 198 क्विंटल धान ओडिशा से लाने की बात स्वीकार की। टीम ने तत्काल धान जब्त कर मंडी अभिरक्षा में जमा कराया।
इसके अलावा बीके बाहरा मेन रोड के पास दो वाहनों में अवैध रूप से धान ले जाते पकड़ा गया, जिसमें 180 कट्टा धान था। मंडी अधिनियम के तहत धान को जब्त किया गया।
इसी क्रम में महासमुंद विकासखंड के ग्राम शेर में शिकायत पर की गई कार्रवाई में 107 कट्टा धान जब्त किया गया। वहीं ग्राम ठाकुरपाली में निरीक्षण के दौरान 225 कट्टा धान अवैध रूप से संग्रहित मिला, जिसे नियम अनुसार जब्त कर लिया गया है।
कलेक्टर ने सभी जब्त धान को संबंधित थानों में जमा कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि अब तक पूरे राज्य में सबसे अधिक अवैध धान जब्ती महासमुंद जिले में की गई है। प्रशासन की संयुक्त टीम लगातार निरीक्षण कर रही है और नियम विरुद्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
महासमुंद में अवैध धान परिवहन पर बड़ी कार्रवाई: 50 क्विंटल धान जब्त, वाहन जब्त