सरायपाली में अवैध धान भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, 27,200 बोरे धान जब्त
महासमुंद जिले में अवैध धान परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर 1 जनवरी को सरायपाली तहसील में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। एसडीएम सरायपाली श्रीमती अनुपमा आनंद के नेतृत्व में राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध धान भंडारण के मामलों की जांच की।
जांच के दौरान समलेश्वरी इंडस्ट्रीज और हिंदुस्तान एग्रोटेक के भंडारण स्थलों का निरीक्षण किया गया। टीम ने मौके पर मौजूद धान की मात्रा का मिलान संबंधित दस्तावेजों से किया, जिसमें भारी अनियमितता पाई गई। भंडारण में कमी के साथ-साथ मंडी अधिनियम और निर्धारित नियमों के उल्लंघन की पुष्टि हुई।
अनियमितताओं को गंभीर मानते हुए प्रशासन ने मौके पर ही कुल 27,200 बोरे धान जब्त किए। यह कार्रवाई मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत की गई। जब्त किए गए धान को नियमानुसार सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है और आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान भंडारण, परिवहन और व्यापार पर निगरानी लगातार जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि किसानों और सरकारी व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
औद्योगिक विकास नीति 2024–30 में बड़े बदलाव: छत्तीसगढ़ बनेगा निवेश और रोजगार का नया हब