शराब सेवन और निर्वाचन कर्तव्य में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई | प्रधानपाठक और दो सहायक शिक्षक निलंबित
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में शिक्षा व्यवस्था और निर्वाचन कार्य में अनुशासनहीनता को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने कठोर कार्रवाई की है। निर्वाचन कार्य में लापरवाही, शराब सेवन कर विद्यालय पहुंचने और शाला समय में अनुपस्थित रहने की शिकायतों की पुष्टि होने पर एक प्रधानपाठक और दो सहायक शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, विकासखंड सिमगा अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला मोटियारीडीह में पदस्थ प्रधानपाठक उमेश कुमार वर्मा और सहायक शिक्षक (एलबी) संदीप कुमार साहू कोविद्यालय समय में शराब के नशे में उपस्थित होने और बिना अनुमति अनुपस्थित रहना पाया गया।
वहीं, शासकीय प्राथमिक शाला दर्रीपारा केसदा में पदस्थ सहायक शिक्षक (एलबी) मिथलेश कुमार वर्मा को निर्वाचन कार्य में बीएलओ (BLO) ड्यूटी सौंपी गई थी, लेकिन उन्होंने निर्धारित जिम्मेदारी का ईमानदार और समयबद्ध निर्वहन नहीं किया, जिसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही माना गया।
इन कृत्यों को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 9 का स्पष्ट उल्लंघन मानते हुए जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा तीनों शिक्षकों को कठोर दंड स्वरूप निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय क्रमशः विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय कसडोल और पलारी निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियम अनुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।