अवैध रेत परिवहन पर बड़ी कार्रवाई: 4 दिनों में 23 वाहन जब्त, खनिज माफियाओं में हड़कंप

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

रायगढ़. जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर शिकंजा कसते हुए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर खनिज विभाग द्वारा अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बीते चार दिनों के दौरान जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर खनिज रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त कुल 23 वाहनों को जब्त किया गया है।

खनिज विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान 22 ट्रैक्टर और 1 हाईवा को पकड़ा, जो बिना वैध अनुमति के रेत का परिवहन कर रहे थे। जब्त किए गए सभी वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से कलेक्ट्रेट परिसर, थाना खरसिया, छाल, घरघोड़ा, जोबी चौकी और रैरूमाचौकी में रखा गया है।

अवैध खनिज परिवहन में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के नियम 71 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 और 23(क) के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।

इस अभियान में खनिज निरीक्षक सोमेश्वर सिन्हा सहित जिला खनिज अमले की सक्रिय भूमिका रही। खनिज अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण करने वालों के खिलाफ आगे भी निरंतर, सख्त और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन की इस मुहिम से अवैध खनिज कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

Rice Export Policy 2025: छत्तीसगढ़ सरकार की बड़ी घोषणा, चावल निर्यातकों को मंडी शुल्क में एक साल की अतिरिक्त छूट