राइस मिलों पर बड़ी कार्रवाई: 6,694 बोरा धान और 15,470 बोरा चावल जब्त
महासमुंद जिले में धान खरीदी व्यवस्था की पारदर्शिता बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में राइस मिलों में अवैध भंडारण और स्टॉक में अनियमितता के मामलों पर बड़ी कार्रवाई की गई है।
कलेक्टर के निर्देश पर सघन जांच अभियान
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले में धान के अवैध भंडारण, परिवहन और स्टॉक सत्यापन के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासनिक टीमों द्वारा अलग-अलग क्षेत्रों में राइस मिलों का भौतिक सत्यापन किया गया, जिसमें गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
सरायपाली में बड़ी जब्ती
सरायपाली एसडीएम अनुपमा आनंद के मार्गदर्शन और तहसीलदार श्रीधर पंडा के नेतृत्व में गठित टीम ने श्री साईं राइस मिल, सरायपाली में स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया। जांच के दौरान स्टॉक में भारी कमी पाई गई, जिसके बाद जब्ती की कार्रवाई की गई। इस प्रकरण में कुल 6,000 बोरा धान और 15,470 बोरा चावल जब्त किया गया।
बसना क्षेत्र की दो राइस मिलों पर कार्रवाई
बसना में एसडीएम हरिशंकर पैंकरा और तहसीलदार कृष्ण कुमार साहू के मार्गदर्शन में गठित टीम ने दो राइस मिलों में कार्रवाई की। श्री शिव शंकर राइस मिल, बसना से 287 पैकेट अवैध धान जब्त किया गया, जबकि कामद राइस मिल, बसना से 407 पैकेट अवैध धान जब्त किए गए।
आगे भी जारी रहेगी सख्ती
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी और भंडारण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अवैध भंडारण, परिवहन और स्टॉक में अनियमितता पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य किसानों के हितों की रक्षा और सरकारी व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।
अरंड में युवती पर जानलेवा हमला, गंभीर चोट