CG Election 2023 Congress Candidates List: कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए तीसरी और अंतिम सूची का ऐलान कर दिया है। इस सूची में महासमुंद और सरायपाली सीट से पहली बार महिला उम्मीदवारों डॉ रश्मि चंद्राकर और चातुरी नंद को मौका दिया गया है। कहा जा रहा है कि पार्टी का सर्वे और जनाधार बड़ा फैक्टर साबित हुआ है। कांग्रेस ने छह में से दो विधायकों पर दोबारा भरोसा जताया, वहीं चार को टिकट नहीं दिया गया, इन विधायकों में सिहावा से लक्ष्मी ध्रुव, कसडोल से शंकुतला साहू, सरायपाली से किस्मत लाल नंद और महासमुंद से विनोद चंद्राकर शामिल हैं।
दूसरी ओर रायपुर उत्तर से विधायक कुलदीप जुनेजा और बैंकुठपुर से अंबिका सिंहदेव टिकट हासिल करने में सफल रहे। कांग्रेस में 22 विधायकों के टिकट काटे गए हैं। पहली सूची में 8, दूसरी सूची में 10 और तीसरी और अंतिम सूची में 4 विधायक विधानसभा चुनाव की दौड़ में नहीं हैं।
महासमुंद से रश्मि व सरायपाली से चातुरी नंद कांग्रेस प्रत्याशी
महासमुंद विधायक विनोद चंद्राकर के स्थान पर वर्तमान कांग्रेस जिलाध्यक्ष डा. रश्मि चंद्राकर व सरायपाली से मौजूदा विधायक किस्मतलाल नंद की जगह चातुरी नंद को कैंडिडेट बनाया गया है। डा. रश्मि और चातुरी नंद पहली बार चुनाव लड़ेंगी।