महासमुंद में आज से धान खरीदी की शुरुआत: मंत्री खुशवंत साहेब बोले – किसानों की सुविधा हमारी पहली प्राथमिकता
महासमुंद. छत्तीसगढ़ सरकार की कृषक उन्नति योजना के तहत आज 15 नवंबर से प्रदेशभर में धान खरीदी प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू हो गई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर में धान खरीदा जाएगा। इसी क्रम में कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने महासमुंद जिले के झालखम्हरिया धान उपार्जन केंद्र में धान खरीदी का शुभारंभ किया।
केंद्र पहुंचने पर मंत्री साहेब ने परंपरागत कांटा-बांट की पूजा, माल्यार्पण एवं किसानों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान मौजूद किसानों को तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा और बसना विधायक संपत अग्रवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। शुभारंभ के रूप में कृषक दुर्गेश साहू के 40 क्विंटल धान की तुलाई की गई, जिससे पूरे केंद्र में उत्साह का वातावरण बन गया।
किसानों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता – मंत्री खुशवंत साहेब
अपने संबोधन में मंत्री साहेब ने कहा—
“आज किसानों के लिए उत्सव का दिन है। छत्तीसगढ़ किसानों से ही समृद्ध है। पिछले वर्ष रिकॉर्ड धान खरीदी हुई थी और इस वर्ष भी रिकॉर्ड तोड़ खरीदी होगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशों के अनुसार किसानों को बोनस सहित एटीएम सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है ताकि किसी भी किसान को किसी प्रकार की परेशानी न हो।”
उन्होंने बताया कि राज्य अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण कर चुका है और 2047 तक देश का पहला विकसित राज्य बनाने का लक्ष्य है। उन्होंने किसानों को शुभकामनाएं देते हुए प्रशासकीय टीम को पारदर्शिता और व्यवस्थित खरीदी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिले में सर्वाधिक धान खरीदी की संभावना
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि महासमुंद जिले में पूरे राज्य में सर्वाधिक धान खरीदी होती है। सिंचाई क्षमता बढ़ाने के लिए सिकासेर और सिरपुर बैराज का कार्य पूर्ण हो चुका है, जिससे कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी।
अवैध व्यापार पर सख्ती
विधायक संपत अग्रवाल ने कहा कि सरकार के मंशानुसार लक्ष्य के अनुरूप खरीदी की जा रही है। किसानों की किसी प्रकार की परेशानी न हो इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने अवैध धान खरीदी-बिक्री पर नजर रखने और प्रशासन को सहयोग देने की अपील की।
प्रशासन की तैयारियाँ
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जानकारी दी कि जिले में 130 समितियों के 182 उपार्जन केंद्र स्थापित किए गए हैं।
आज 34 समितियों में 50 किसानों के टोकन जारी कर खरीदी शुरू हो चुकी है। जिले में 16 चेक पोस्ट सक्रिय हैं और अब तक 3000 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि धान खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और किसान-हितैषी रहेगी।
कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, जनपद सदस्य विजयलक्ष्मी जांगड़े, अपर कलेक्टर रवि साहू, एसडीएम अक्षा गुप्ता, समिति पदाधिकारी, ग्रामीण जन एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।