नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते के लिए घोषित नए फ्रेमवर्क को ऐतिहासिक बताते हुए इसे दोनों देशों के रिश्तों में बढ़ते भरोसे, गहराई और सहयोग का प्रतीक कहा है। उन्होंने इसे भारत की आर्थिक प्रगति और वैश्विक साझेदारी की दिशा में एक मजबूत कदम करार दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह भारत और अमेरिका, दोनों के लिए बेहद सकारात्मक खबर है। उनके अनुसार यह फ्रेमवर्क न सिर्फ व्यापार को बढ़ावा देगा, बल्कि रोजगार और निवेश के नए अवसर भी पैदा करेगा।
प्रधानमंत्री ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को धन्यवाद देते हुए कहा कि दोनों महान देशों के बीच अंतरिम व्यापार समझौते के फ्रेमवर्क पर सहमति बनना आपसी संबंधों को और मजबूत करता है। उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप की व्यक्तिगत प्रतिबद्धता की भी सराहना की, जो भारत-अमेरिका संबंधों को नई ऊंचाई देने में अहम भूमिका निभा रही है।
‘मेक इन इंडिया’ को मिलेगा बड़ा बूस्ट, रोजगार के नए अवसर
पीएम मोदी ने कहा कि यह फ्रेमवर्क भारत के मेहनती किसानों, उद्यमियों, MSMEs, स्टार्टअप इनोवेटर्स, मछुआरों और श्रमिक वर्ग के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा। इससे ‘मेक इन इंडिया’ पहल को मजबूती मिलेगी और देश में बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन होगा, खासकर महिलाओं और युवाओं के लिए।
प्रधानमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि भारत और अमेरिका इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह व्यापार फ्रेमवर्क दोनों देशों के बीच निवेश और टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप को और गहरा करेगा, जिससे भारत की मैन्युफैक्चरिंग और डिजिटल क्षमताओं को नई दिशा मिलेगी।
मजबूत सप्लाई चेन और वैश्विक विकास की ओर कदम
पीएम मोदी के अनुसार यह समझौता मजबूत और भरोसेमंद सप्लाई चेन के निर्माण में भी सहायक होगा, जो वैश्विक आर्थिक स्थिरता और विकास में योगदान देगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ते हुए भारत भविष्य-उन्मुख वैश्विक साझेदारियों के लिए प्रतिबद्ध है, जो लोगों को सशक्त बनाएं और साझा समृद्धि को बढ़ावा दें।
India-US Trade Deal: किसानों से फार्मा तक किसे होगा सबसे बड़ा फायदा?