भगवंत मान की कैबिनेट में आज फेरबदल, पांच नए मंत्री लेंगे शपथ, जानें कौन-कौन शामिल हो सकते हैं पंजाब मंत्रिमंडल में
Punjab Cabinet Reshuffle News: पंजाब (Punjab) में करीब दस महीने बाद भगवंत मान की कैबिनेट में आज फेरबदल होने जा रहा है। आज (23 सितंबर) को सीएम मान की कैबिनेट में पांच नए मंत्रियों को शामिल किया जाएगा, वहीं 4 मंत्रियों ने रविवार को कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है।
पंजाब कैबिनेट से जिन मंत्रियों ने इस्तीफा दिया, उनमें बलकौर सिंह, चेतन सिंह जौड़ामाजरा, ब्रह्म शंकर जिम्पा और अनमोल गगन के नाम शामिल हैं। वहीं भगवंत मान कैबिनेट में जिन विधायकों को शामिल किया जा सकता है, उनमें हरदीप सिंह मुंडियान, तरुणप्रीत एस सोंध, बरिंदर गोयल और मोहिंदर भगत के नामों की चर्चा सरगर्मी से चल रही है। नए मंत्री आज शाम पांच बजे राज निवास में शपथ लेंगे।
बता दें कि पंजाब में बीते जुलाई के महीने से ही कैबिनेट में फेरबदल की चर्चा गरम थी, लेकिन पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के कारण संभवत: यह फेरबदल रूका हुआ था, अब अरविंद केजरीवाल जमानत पर बाहर आ चुके हैं तो दिल्ली के बाद पंजाब के लिए भी बड़ा फैसला होने जा रहा है।
हरदीप सिंह
हरदीप सिंह मुंडियान साहनेवाल से विधायक हैं। इन्होंने 2022 में कांग्रेस के विक्रम सिंह बाजवा को हराया था। मुंडियान के पक्ष में 34.33 प्रतिशत वोट गए थे। साहनेवाल सीट शिरोमणि अकाली दल की रही है।
मोहिंदर भगत
मोहिंदर भगत ने जालंधऱ पश्चिम सीट पर उपचुनाव जीता है। मोहिंदर भगत ने बीजेपी प्रत्याशी शीतल अंगुराल को शिकस्त दी थी। मोहिंदर भगत को यहां 55,245 वोट मिले थे।
तरुणप्रीत एस सोंध
तरुणप्रीत एस सोंध ने 2022 के विधानसभा चुनाव में शिरोमणि अकाली दल के गुरकीरत सिंह कोटली को हरा दिया था। सोंध को 62,425 वोट मिले थे वहीं कोटली को 26805 वोट ही हासिल हो पाए थे।
बरिंदर गोयल
बरिंदर गोयल ने पिछले विधानसभा चुनाव में एसएडी(एस) के परमिंदर सिंह ढींढसा को हराकर जीता था।