सलमान फिर करेंगे कॉमेडी का धमाल! ‘फर्जी’ के डायरेक्टर संग Action Comedy फिल्म पर चर्चा
Entertainment News: हिंदी सिनेमा के सुपरस्टार सलमान खान एक बार फिर सुर्खियों में हैं। अपनी आगामी फिल्मों को लेकर लगातार चर्चाओं में बने रहने वाले भाईजान अब एक्शन कॉमेडी जॉनर में किस्मत आजमाने की तैयारी कर रहे हैं। माना जा रहा है कि सलमान खान दर्शकों को कुछ नया और फ्रेश कंटेंट देने के मूड में हैं, जिससे उनका खोया हुआ बॉक्स ऑफिस जलवा फिर लौट सके।
Raj & DK के साथ चल रही है अहम बातचीत
इंडस्ट्री में चर्चा है कि सलमान खान की बातचीत मशहूर निर्देशक जोड़ी राज निदिमोरू और कृष्णा डीके उर्फ Raj & DK के साथ चल रही है। इस जोड़ी ने ‘गो गोवा गॉन’, ‘द फैमिली मैन’ और ‘फर्जी’ जैसी शानदार कहानियों से अपनी अलग पहचान बनाई है। अब अगर सलमान खान और Raj & DK साथ आते हैं, तो यह प्रोजेक्ट एक बड़े सिनेमाई सरप्राइज के रूप में सामने आ सकता है।
कहानी में दिखाई दी सलमान को दिलचस्पी
सूत्रों के मुताबिक, सलमान खान को एक एक्शन कॉमेडी फिल्म की कहानी सुनाई गई है, जिसमें उन्होंने खास दिलचस्पी दिखाई है। हालांकि, अभी तक उन्होंने फिल्म को औपचारिक रूप से साइन नहीं किया है। सलमान कुछ समय लेकर स्क्रिप्ट और अपने किरदार पर विचार कर रहे हैं, जिसके बाद ही अंतिम फैसला लिया जाएगा। गौरतलब है कि इसी जॉनर में उनकी फिल्म ‘रेडी’ सुपरहिट साबित हुई थी।
बॉक्स ऑफिस पर वापसी की तलाश में भाईजान
कोरोना काल के बाद सलमान खान की फिल्मों का बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। ‘टाइगर 3’ को छोड़ दिया जाए, तो बाकी फिल्मों को खास सफलता नहीं मिली। ऐसे में सलमान अब नई सोच, नए निर्देशक और अलग अंदाज की कहानियों के साथ दर्शकों का दिल जीतने की रणनीति बना रहे हैं।
Battle of Galwan में दिखेगा सलमान का गंभीर अवतार
एक्शन कॉमेडी के अलावा सलमान खान जल्द ही वॉर ड्रामा फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ में नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्देशन अपूर्वा लखिया कर रहे हैं और इसमें 2020 में गलवान घाटी में भारत-चीन के बीच हुई झड़प की कहानी दिखाई जाएगी। फिल्म 17 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, जिसमें सलमान एक बिल्कुल अलग और गंभीर किरदार में दिखेंगे।