18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवाओं के लिए मतदाता सूची में नाम जोड़ने हेतु विशेष शिविर, 22 जनवरी तक आवेदन का अवसर

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

महासमुंद. भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ राज्य में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR 2026) कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत गणना चरण समाप्त होने के बाद दावा-आपत्ति प्राप्त करने की अवधि 22 जनवरी 2026 तक निर्धारित की गई है।

प्रारूप मतदाता सूची में छूटे पात्र मतदाताओं को मिलेगा अवसर

SIR 2026 के तहत 23 दिसंबर 2025 को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में जिन पात्र नागरिकों का नाम शामिल नहीं हो सका है, उन्हें नाम जोड़ने का अवसर दिया जा रहा है। साथ ही 01 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं से घोषणा पत्र के साथ निर्धारित प्रारूप-6 में आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।

अग्रिम आवेदन की भी सुविधा

निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 01 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं के लिए भी अग्रिम आवेदन की व्यवस्था की गई है। ऐसे युवा भी घोषणा पत्र सहित प्रारूप-6 में आवेदन कर सकते हैं, ताकि समय पर उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ा जा सके।

स्कूलों और कॉलेजों में लगेंगे जागरूकता व पंजीयन शिविर

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार लंगेह ने जिले के नोडल प्राचार्यों सहित सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों के प्राचार्यों को विशेष जागरूकता एवं पंजीयन शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। सभी उच्च शिक्षण संस्थानों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें कैम्पस एम्बेसडर और प्राध्यापक नोडल अधिकारी (SVEEP) का सहयोग लिया जाएगा।

17 वर्ष के विद्यार्थियों से भी लिए जाएंगे अग्रिम फॉर्म

जिले के सभी हायर सेकेंडरी स्कूलों में 17 वर्ष की आयु प्राप्त कर चुके छात्र-छात्राओं से अग्रिम आवेदन फॉर्म-6 प्राप्त करने हेतु विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही नुक्कड़ नाटक, मतदाता जागरूकता गतिविधियों और नवाचारों के माध्यम से युवाओं को मतदान प्रक्रिया के प्रति प्रेरित किया जाएगा।

बूथ लेवल अधिकारियों और प्रशासन की रहेगी सहभागिता

विशेष शिविरों में संबंधित क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी एवं जिला प्रशासन की टीम की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आवेदन प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो और पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मतदाता साक्षरता क्लब होंगे पुनः सक्रिय

कलेक्टर श्री लंगेह ने बताया कि वर्ष 2018 एवं 2019 में गठित मतदाता साक्षरता क्लब (ELC) को पुनः सक्रिय किया जाएगा। आवश्यकता अनुसार नए ELC का गठन कर SIR 2026 के दावा-आपत्ति चरण के दौरान मतदाता जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

अंतिम सूची में नाम शामिल कराने का लक्ष्य

सभी संबंधित संस्थानों को निर्देशित किया गया है कि 22 जनवरी 2026 से पूर्व सभी आवेदन पूर्ण कराए जाएं, ताकि निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा समय पर निराकरण कर 21 फरवरी 2026 को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची में पात्र मतदाताओं का नाम शामिल किया जा सके।

उप सरपंच के साथ लूटपाट, जान से मारने की धमकी