अचानकमार टाइगर रिजर्व में फायरिंग कर वीडियो बनाने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
रायपुर. छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR) में वन सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। प्रतिबंधित कोर जोन से लगे क्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश कर हथियार लहराने और फायरिंग करने के मामले में वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो का संज्ञान लेते ही अचानकमार टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने तुरंत जांच शुरू की। पुलिस विभाग के सहयोग से की गई कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से दो एयर राइफल और एक टाटा सफारी स्टॉर्म वाहन जब्त किया गया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अजीत वैष्णव (26 वर्ष), अनिकेत (27 वर्ष) और विक्रांत वैष्णव (36 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 की संबंधित धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने विभागीय स्तर पर भी तत्काल कार्रवाई की है। सुरक्षा में लापरवाही बरतने के आरोप में बैरियर गार्ड को तत्काल हटा दिया गया है, जबकि संबंधित परिक्षेत्र अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। मामले की विस्तृत जांच के लिए सहायक संचालक (कोर) को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि टाइगर रिजर्व क्षेत्र में अवैध प्रवेश, हथियारों का प्रदर्शन या वन्यजीवों को खतरे में डालने वाली किसी भी गतिविधि को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
साथ ही विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें संरक्षित वन क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की संदिग्ध या अवैध गतिविधि की जानकारी मिले, तो तुरंत वन विभाग को सूचित करें, ताकि वन्यजीवों और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।