कोरबा में ट्रिपल मर्डर से सनसनी: स्क्रैप व्यापारी समेत तीन की गला घोंटकर हत्या

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से बीती रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां स्क्रैप व्यापारी अशरफ़ मेमन समेत तीन लोगों की गला घोंटकर निर्ममता से हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में भेजकर मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।

मृतकों में अशरफ़ मेमन के अलावा एक स्थानीय युवक और बिलासपुर निवासी एक युवक शामिल हैं। तीसरे मृतक की पहचान अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।

यह पूरी घटना उरगा थाना क्षेत्र के कुदरीपारा स्थित अशरफ़ मेमन के स्क्रैप यार्ड में हुई बताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक रात में वहां 8–10 लोगों की मौजूदगी की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि मौके पर किसी तरह की तंत्र-मंत्र गतिविधि चल रही थी। इसी दौरान आपसी विवाद बढ़ा और देखते ही देखते स्थिति हिंसक हो गई, जिसके परिणामस्वरूप तीन लोगों की हत्या कर दी गई।

पुलिस इस पूरे मामले को कई एंगल से जांच रही है—जिसमें आपसी विवाद, रंजिश और वहां मौजूद लोगों की गतिविधियों को प्रमुख रूप से खंगाला जा रहा है। जांच के बाद ही घटना का असली कारण स्पष्ट हो पाएगा।

लोक सेवा केंद्र में घुसकर लैपटॉप को किया क्षतिग्रस्त, आरोपी के विरूद्ध जुर्म दर्ज