Tuesday, January 21, 2025
HomeAstrologyYearly Horoscope 2025: तुला सहित इन 6 राशियों का वार्षिक राशिफल, जानें...

Yearly Horoscope 2025: तुला सहित इन 6 राशियों का वार्षिक राशिफल, जानें कैसा रहेगा ग्रहों का प्रभाव

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Yearly Horoscope 2025: तुला से मीन तक 6 राशियों का वार्षिक राशिफल कैसा रहेगा। धन पक्ष, सेहत, शिक्षा, नौकरी की स्थिति कैसी रहने वाली है। (Varshik Rashifal 2025)

तुला वार्षिक राशिफल 2025 (Libra Yearly Horoscope 2025)

धन पक्ष: वर्ष 2025 में आर्थिक स्थिति जबरदस्त रहने वाली है। वर्ष की शुरुआत शुभ रहेगी। अटके हुये धन के वापस मिलने के योग बन रहे हैं। सम्पत्ति के मामलों में आपको बड़ा लाभ होगा। लेकिन कुछ मामले उलझने की सम्भावना भी बन रही है। अनैतिक तरीकों से धन कमाने से बचें। वर्ष के मध्य में शेयर मार्केट में निवेश में हानि हो सकती है। आप वर्ष के दूसरे भाग में विलासिता के संसाधनों में धन खर्च करेंगे। लेकिन आपको बचत पर काफी ध्यान देना चाहिये। जुलाई से नवम्बर 2025 के बीच पैतृक सम्पत्ति के मामलों की समस्या दूर होगी। बाइक या कार खरीद सकते हैं। आपकी आय के लिये वर्ष की आखिरी तिमाही बेहतरीन रहेगी। नए कारोबार से लाभ होगा।

सेहत: वर्ष 2025 के प्रारंभिक माह सेहत के लिये बेहतरीन रहेंगे। ज्यादा काम की वजह से आपको थकान महसूस होगी। यात्राओं के दौरान आप कई बार कठिनाई महसूस कर सकते हैं। जिन लोगों को कोरोना जैसी बीमारियों की समस्या पहले हो चुकी है उन्हें प्राणायाम और अपनी जीवनशैली में सुधार कर लेना चाहिये। मई से सितम्बर महीने के बीच लीवर के रोगियों को कुछ समस्या हो सकती है। गर्भवतियों कोजुलाई के बाद विशेष देखभाल करनी चाहिये। एनीमिया और थायराइड से पीड़ित लोगों को अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना होगा।

परिवार व समाज: वर्ष 2025 में आपको किसी वजह से विवाद का सामना करना पड़ सकता है। वर्ष का शुरुआती भाग शुभ रहेगा। परिवार में आपका महत्व बढ़ेगा। शुभ आयोजन होने की सम्भावना है। इसके लिये फरवरी-मार्च बेहद शुभ रहेगा। 4 फरवरी 2025 को गुरु के मार्गी होने से पुरानी समस्याओं का निवारण होगा। माता के स्वास्थ्य में सुधार होगा। लेकिन आपको जून के बाद अपने पिता की सेहत का खास ध्यान रखना पड़ेगा। 18 मई 2025 के बाद राहु का आपके पञ्चम भाव में गोचर आपकी सामाजिक स्थिति को प्रभावित कर सकता है। बच्चों पर नजर रखें।

प्रेम जीवन: वैवाहिक जीवन में प्रेम भाव बढ़ेगा। आप छोटी-छोटी बातों को आसानी से सुलझा लेंगे। लिव इन रिलेशन में रहने वाले विवाह कर सकते हैं। हनीमून की योजना बना सकते हैं। आप अपने रिश्तों को काफी अच्छी तरह से निभायेंगे। फरवरी मास में अपने प्रेमी को गिफ्ट दे सकते हैं। जुलाई 2025 में क्रोध पर नियन्त्रण रखना चाहिये। जीवनसाथी का स्वास्थ्य अक्टूबर के बाद प्रभावित हो सकता है। जीवनसाथी को किसी काम के लिए मजबूर न करें।

शिक्षा और नौकरी: वर्ष 2025 के पहले तीन माह में वित्त और पब्लिक रिलेशन से जुड़े कार्यो में सफलता मिल सकती है। जॉब में आपको कठिन कार्य सौंपे जा सकते हैं। उच्चाधिकारी आपकी योग्यता का परीक्षण करने का प्रयास करेंगे। कृषि सम्बन्धी कारोबार में अच्छी पैदावार से आर्थिक लाभ होगा। राहु के पञ्चम भाव में गोचर के कारण विद्यार्थियों की शिक्षा में बदलाव आने की सम्भावना बन रही है। अक्टूबर 2025 के बाद शिक्षा और करियर से जुड़ी बाधा दूर होगी।

उपाय: गुरुवार को गाय को चारा खिलाएं। भगवान विष्णु से जुड़े मंत्रों का जप करें।

वृश्चिक वार्षिक राशिफल 2025 (Scorpio Yearly Horoscope 2025)

धन पक्ष: वर्ष 2025 के शुरुआती पांच महीने आर्थिक रूप से काफी लाभकारी रहेंगे। कारोबार में आपको काफी अच्छा आर्थिक लाभ मिल पायेगा। परिवार में किसी शुभ अवसर को लेकर धन खर्च होने के योग बन रहे हैं। घर की सजावट पर आप काफी धन खर्च करेंगे। लेकिन सम्पत्ति में निवेश बहुत सुखद रहेगा। पुरानी सम्पत्ति के विक्रय से लाभ हो सकता है। मई से अगस्त माह 2025 के बीच आपको जमीन आदि में निवेश से बचना चाहिये। हालांकि शेयर मार्केट में निवेश करना हितकर होगा। धन संपत्ति में वृद्धि होने के योग बन रहे हैं। आपकी आय का कुछ भाग दान कर सकते हैं।

सेहत: वर्ष 2025 का शुरुआती भाग सेहत के मामले में कमजोर रहेगा। वर्ष के शुरुआती तीन माह में ढैया का प्रभाव आपके ऊपर बना रहेगा। मार्च 2025 को शनि के राशि परिवर्तन के बाद बीमारी से निजात मिल सकती है। फरवरी-मार्च माह में घुटनों और आर्थराइटिस के रोगियों को समस्या हो सकती है। 12 जुलाई से 26 अगस्त 2025 के बीच चोट लगने जैसी परिस्थितियों का सामना कर सकते हैं। चतुर्थ भावस्थ राहु का गोचर हृदय रोगियों के लिये कुछ चिन्ता का कारण बन सकता है। वर्ष का आखिरी हिस्सा आपके लिये शुभ रहेगा।

परिवार व समाज: वर्ष की शुरुआत में भाई-बहन के साथ कुछ मनमुटाव हो सकता है। लेकिन धीरे-धीरे आपको काफी धन लाभ होगा। ससुराल पक्ष से आपके सम्बन्ध बेहद मधुर रहेंगे। माता के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। परिवार के लोग आपकी भावनाओं की कद्र करेंगे। अप्रैल से अक्टूबर के बीच आपके परिवार में अच्छी स्थिति रहेगी। घर में मांगलिक कार्यक्रम हो सकते हैं। पिता के साथ आपके सम्बन्ध मधुर रहेंगे। माता-पिता को तीर्थ यात्रा कराने का विचार बनायेंगे।

प्रेम जीवन: अविवाहितों का रिश्ता जनवरी महीने में हो सकता है। नये प्रेम सम्बन्धों में अंतरंगता का भाव अधिक रहेगा। इसीलिये इस बीच अपने रिश्ते सामान्य रखें। जीवनसाथी से कई विषयों को लेकर मतभेद हो सकते हैं। अप्रैल-मई माह के दौरान शनि और मंगल के कारण पुराना रिश्ता टूटने की आशंका है। लेकिन आप फिर भी अपनी जिम्मेदारियों का भली-भाँति निर्वहन करेंगे। वैवाहिक सम्बन्धों के बीच आपको सावधानी रखनी चाहिये।

शिक्षा और नौकरी: वर्ष 2025 शिक्षा के लिये बहुत शानदार रहेगा। राहु का गोचर विद्यार्थियों के लिये सहायक सिद्ध होगा। इस वर्ष जॉब के बेहतरीन मौके मिल सकते हैं। यदि आप किसी प्रतियोगी परीक्षा में बैठ रहे हैं तो आपके लिये यह वर्ष विशेष शुभ रहेगा। फरवरी से अप्रैल के बीच इन्टरव्यू में उत्तम सफलता मिलने के योग बन रहे हैं। जुलाई महीने में शनि की वक्री स्थिति के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं में कुछ समस्या हो सकती है। कारोबारियों को फण्ड की कमी के कारण कुछ प्रोजेक्ट्स को लम्बित करना पड़ सकता है। नवम्बर 2025 के बाद जॉब के और कारोबार बढ़ाने के मौके मिलेंगे।

उपाय: शनिवार को पीपल पेड़ के नीचे सरसों के तेल का दीया जलाएं।

धनु वार्षिक राशिफल 2025 (Sagittarius Yearly Horoscope 2025)

धन पक्ष: इन जातकों का आर्थिक पक्ष अच्छा रहेगा। वर्ष की शुरुआत में गुरु के छठे भाव में होने से कानूनी मामलों को लेकर धन खर्च करना पड़ेगा। लोन से जुड़े कार्यों में आपको काफी सफलता मिलेगी। यदि आप कोई दूसरा व्यवसाय करना चाहते हैं तो निवेश की मदद मिल सकती है। नई टेक्नालॉजी को अपनाएंगे। मोबाइल आदि खरीद सकते हैं। आप दूसरों की मदद करने का भी भरसक प्रयास करेंगे। मार्च के बाद शनि की ढैया के चलते निवेश में सावधानी रखें। कानूनी मामलों में वाद-विवाद में आपको बचना चाहिये। किसी की बातों में आकर उधार न दें। साल के अंत में धन के मामलों में परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

सेहत: वर्ष 2025 में आपको अपनी सेहत का ध्यान रखना पड़ेगा। दंत रोग होने की सम्भावना बन रही है। भोजन में वसा और प्रोटीन ज्यादा होने के कारण आपको समस्या होगी। यदि आपको कोई पुरानी चोट लगी हुयी है तो वो ठीक हो जायेगी। गुरु आपके छठे भाव में स्थित रहेंगे जिसके कारण दवाइयों पर धन खर्च होगा। अचानक बीमार होने के योग बन रहे हैं। मई महीने के बाद आपके स्वास्थ्य में सुधार होगा। जुलाई से सितम्बर 2025 के बीच तनाव हो सकता है।

परिवार व समाज: वर्ष के शुरुआती भाग में आप घर से कुछ दूर रह सकते हैं। परिवार के लोग आपसे काफी ज्यादा अपेक्षा रखेंगे। जिसके कारण आपके ऊपर थोड़ा दबाव रहेगा। लेकिन फिर भी आप परिवार पर काफी ध्यान देंगे। इससे आपकी सामाजिक छवि में सुधार होगा। जून से अगस्त महीने के बीच आपको गृहकलह का सामना करना पड़ सकता है। सम्पत्ति के मामलों को लेकर रिश्तेदारों के साथ आपके सम्बन्ध बिगड़ सकते हैं। अजनबी लोगों पर आँख-मूँदकर विश्वास न करें। सितम्बर मास के दौरान घर के बुजुर्ग सदस्यों की सेहत का विशेष ध्यान रखें।

प्रेम जीवन: इस वर्ष वैवाहिक जीवन सामान्य ही रहेगा। छोटी-मोटी नोंक-झोंक लगी ही रहेगी। यात्राओं के दौरान अविवाहित लोगों को जीवनसाथी मिल सकते हैं। जिन लोगों का वैवाहिक जीवन खराब चल रहा है उन्हें जनवरी से अप्रैल के बीच थोड़ा सावधानी रखनी चाहिये। मई के बाद प्रेम सम्बन्धों को वैवाहिक सम्बन्धों में परिणित कर सकते हैं। अपनी वाणी में अहंकार भाव न आने दें। इससे आपके प्रेम सम्बन्ध भी प्रभावित हो सकते हैं। लेकिन आप प्रेमी जन का साथ अवश्य देंगे। अन्तिम तिमाही में वैवाहिक जीवन की बाधाओं का निवारण होगा।

शिक्षा और नौकरी: इस साल आपको शिक्षा को लेकर उतार-चढाव का सामना करना पड़ेगा। वर्ष की शुरुआत में जॉब में बदलाव के अवसर मिलेंगे। किन्तु शिक्षार्थियों के लिये मई तक का समय कुछ खास नहीं है। लम्बे समय से अटके हुये प्रमोशन के मामले फरवरी-मार्च में हल हो सकते हैं। व्यापार करने की योजना बना रहे हैं तो जुलाई से सितम्बर 2025 के बीच में कोई नया काम न करें। आपको इस वर्ष लालच से बचना चाहिये। पत्रकारिता और IT क्षेत्र की शिक्षा में शानदार लाभ और करियर के बेहतरीन विकल्प प्राप्त होंगे। राहु की उत्तम स्थिति से आपको व्यवसाय में लाभ मिलेगा।

उपाय: शिव मंदिर जाकर जलाभिषेक करें।

मकर वार्षिक राशिफल 2025 (Capricorn Yearly Horoscope 2025)

धन पक्ष: वर्ष 2025 की शुरुआत मकर वालों के लिए आर्थिक दृष्टिकोण से अच्छी रहेगी। बचत को लेकर काफी सचेत रहेंगे। फिर भी शनि के द्वितीय भाव में गोचर होने से आपको म्युचुअल फण्ड और इंश्योरेंस के माध्यम से धन लाभ हो सकता है। अप्रैल से जून 2025 के तीन महीने ठीकठाक रहेंगे। वर्ष के उत्तरार्ध में आप सम्पत्ति में निवेश कर सकते हैं। मई माह में दूसरे भाव में गोचर करने वाला राहु आपको अनैतिक तरीकों से धन कमाने की प्रेरणा दे सकता है, यह काफी घातक होगा।

सेहत: वर्ष 2025 की शुरुआत में आपका स्वास्थ्य ठीक रहेगा। काफी दिनों से किसी बीमारी का इलाज ले रहे हैं तो उसके इलाज में जनवरी से अप्रैल 2025 के बीच काफी लाभ होगा। शनि की तीसरी दॄष्टि आपकी राशि से चतुर्थ भाव में बुरा प्रभाव डालेगी। जिसके कारण ज्यादा नशा करने वाले लोगों को फेफड़ों में गम्भीर समस्या हो सकती है। अप्रैल महीने के बाद शराब और मांसाहार से आपको बचना चाहिये। जुलाई से सितम्बर 2025 के बीच अपच की समस्या होने की आशंका है।

परिवार व समाज: वर्ष 2025 के शुरुआती महीने आपके लिये शुभ रहेंगे। दूसरे भाव में गुरु की दृष्टि से परिवार सामंजस्य रहेगा। समाज में आपकी लोकप्रियता बढ़ेगी। मई के बाद परिवार में कुछ बँटवारे जैसी बातें हो सकती है। आपकी बातों को लोग बढ़ा-चढा़कर पेश करेंगे। कुछ लोग षडयंत्र कर सकते हैं। विवाह योग्य सन्तान के विवाह को लेकर तनाव हो सकता है। लेकिन इस वर्ष आपके सामाजिक सम्पर्क भी काफी मजबूत रहेंगे। भाई-बहनों के साथ अपने सम्बन्ध अच्छे रखें। अगस्त से दिसम्बर के बीच परिवार के किसी सदस्य को स्वास्थ्य की समस्या हो सकती है।

प्रेम जीवन: वर्ष 2025 की शुरुआत बहुत ही अच्छी रहने वाली है। आपसी सम्बन्धों में मधुरता रहेगी। मई महीने में किसी कारणवश प्रेम सम्बन्धों में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। राहु गलत और कटु सम्भाषण करवा सकता है, जो कि निजी सम्बन्धों के लिये बिल्कुल अच्छा नहीं कहा जा सकता है। अपनी गलतियों से सीखने का प्रयास अवश्य करें। अविवाहितों को इस वर्ष नये सम्बन्धों को लेकर सावधानी रखनी चाहिये। जनवरी से अप्रैल 2025 के बीच का समय नि:सन्तान दम्पतियों के लिये एक अवसर की तरह है। आप व्यापार और कार्यक्षेत्र में भी जीवनसाथी की सलाह ले सकते हैं। जिससे आपको काफी लाभ होगा। जुलाई एवं अगस्त 2025 का महीना वैवाहिक सम्बन्धों के लिये शुभ नहीं रहेगा।

शिक्षा और नौकरी: वर्ष का प्रारंभ आपके लिये काफी अच्छा रहेगा। यदि आप उच्च शिक्षा को लेकर गम्भीर हैं तो मार्च तक समय बेहतरीन रहने वाला है। छात्रों को संस्थानों में प्रवेश मिल सकता है। बॉस आपसे काफी प्रभावित रहेंगे। 18 मई 2025 के बाद गुरु के मिथुन राशि में गोचर के परिणाम स्वरूप जॉब के अवसर मिल सकते है। कार्यक्षेत्र में आपको शानदार उपलब्धियाँ मिल सकती है। कानूनी शिक्षा ले रहे जातकों को कुछ संघर्ष करना पड़ेगा। सितम्बर से दिसम्बर 2025 के बीच कुछ कठिन समय रहेगा।

उपाय: मां भगवती की उपासना करें।

कुंभ वार्षिक राशिफल 2025 (Aquarius Yearly Horoscope 2025)

धन पक्ष: इस साल आपकी आर्थिक स्थिति ठीक रहेगी। वर्ष की शुरुआत में अनावश्यक धन खर्च करेंगे। आप धन की बचत करने के विचार में रहेंगे। मई 2025 में गुरु के गोचर परिवर्तन के बाद खर्चों में कमी आयेगी। यदि आप बचत को लेकर कुछ परेशान थे तो इस साल आप कई तरह की निवेश पॉलिसी में निवेश कर सकते हैं। कारोबार में बड़ी सफलता मिलने के योग बन रहे हैं। व्यापारिक यात्राओं से भी आपको बड़ा लाभ होगा। वर्ष के मध्य में आप अपने परिवार की जरूरतों पर काफी ध्यान देंगे। जून 2025 के महीनें में एकाउंट्स और शेयर मार्केट के माध्यम से बड़ा लाभ अर्जित कर सकते हैं।

सेहत: इस साल सेहत को लेकर सावधान रहना चाहिये। शुरुआत के तीन महीने सेहत को लेकर सामान्य रहेंगे। फिर समस्या परेशान करती रहेंगी। पुरानी बीमारी से पीड़ित लोगों की जुलाई के महीने में समस्या बढ़ सकती है। यात्रा के दौरान सावधानी रखनी आवश्यक है। जून 2025 के बाद दूसरे भाव में शनि और राशिस्थ राहु माइग्रेन के रोगियों को परेशान करता रहेगा। मांसाहार लेने वाले जातकों को पाचन की परेशानियों से जूझना पड़ेगा। किसी भी तरह की सेहत समस्या होने पर उसे हल्के में लेने की गलती न करें। सितम्बर से दिसम्बर 2025 के बीच मन में नकारात्मक विचारों के कारण डिप्रेशन हो सकता है।

परिवार व समाज : आपके परिवार में मांगलिक आयोजन हो सकते हैं। वर्ष 2025 के शुरुआती माह अच्छे रहेंगे। मित्र आपकी मदद करेंगे। मान-सम्मान बढ़ेगा। अप्रैल 2025 महीने के बाद घर के किसी बुजुर्ग परिजन के स्वास्थ्य को लेकर चिन्ता रहेगी। वर्ष के मध्य में वक्री शनि के कारण परिवार में विवाद की स्थितियां उत्पन्न होने की आशंका है। अगस्त 2025 महीने में मां के स्वास्थ्य का ध्यान रखें। वर्ष के आखिर में सम्पत्ति को लेकर विवाद उभर सकते हैं।

प्रेम जीवन: वैवाहिक जीवन में काफी ज्यादा ध्यान देने की आवश्यकता है। राहु अक्टूबर माह तक राशि में रहेगा जिसके कारण उतार-चढ़ाव की स्थिति निर्मित होती रहेगी। मई 2025 में गुरु के राशि में जाने के कारण विवाह योग्य जातकों का विवाह हो सकता है। मई माह में राहु और गुरु का त्रिकोण एकाएक प्रेम सम्बन्धों की रूपरेखा बना सकता है। जीवनसाथी को आप ख़ुश रखने का प्रयास करें। जुलाई 2025 के महीने में प्रेमी जोड़ों के बीच दूरियाँ उत्पन्न हो सकती है। महिला जातकों को भावनात्मक कष्ट झेलना पड़ सकता है। वर्ष का अन्तिम भाग आपके लिये अच्छा रहेगा।

शिक्षा और नौकरी: वर्ष 2025 आपके करियर के लिये अच्छा रहने वाला है। लम्बे समय से अटके हुये प्रोजेक्ट्स इस वर्ष मई के बाद शुरु हो जायेंगे। सरकारी नौकरी के लिये प्रयासरत अभ्यर्थियों की जॉब लग सकती है। प्रतियोगी परीक्षा में बैठने वाले विद्यार्थियों के लिये यह साल बेहद शुभ रहेगा। मई 2025 में गुरु के मिथुन राशि में गोचर के बाद सफलता मिल सकती है। उच्च शिक्षा और शोध से जुड़े कार्यों में सफलता मिलेगी। वर्ष का आखिरी माह करियर के लिए अच्छा रहेगा।

उपाय: गाय को रोटी खिलाये।

मीन वार्षिक राशिफल 2025 (Pisces Yearly Horoscope 2025)

धन पक्ष: वर्ष 2025 की शुरुआत अच्छी रहेगी। बृहस्पति आपकी राशि से आय भाव में दृष्टि रखें। शेयर मार्केट में निवेश से बेहतरीन लाभ होगा। कारोबार में सहयोगियों के साथ तालमेल बेहतरीन रहने वाला है। मई में बृहस्पति क़े गोचर परिवर्तन के बाद आपके खर्चे तेजी से बढ़ेंगे। शनि की वक्री स्थिति के कारण जून से सितम्बर 2025 तक आपको कुछ आर्थिक परेशानियाँ रहेंगी। जीवनशैली में अनावश्यक धन खर्च होगा। अक्टूबर 2025 के बाद फिर आपकी स्थिति में सुधार होगा।

सेहत: वर्ष 2025 की शुरुआत से ही राहु आपकी राशि में बने रहेंगे। जनवरी-फरवरी 2025 के दौरान वायरल बुखार से पीड़ित हो सकते हैं। मार्च-अप्रैल 2025 के बीच शुगर के रोगियों को खानपान में बदलाव करना पड़ेगा। जुलाई से अक्टूबर के बीच वक्री शनि और द्वादस्थ राहु आपको अनिद्रा और हाइपरटेन्शन से प्रभावित कर सकता है। वर्ष के अन्तिम दो महीने में सेहत को लेकर की समस्या दूर होगी। कफवृद्धि के कारण सिरदर्द भी बना रहेगा। योग और व्यायाम से आपको काफी लाभ होगा।

परिवार व समाज: पारिवारिक जीवन काफी सुखमय रहेगा। वर्ष का पूर्वार्ध पारिवारिक जीवन क़े लिये शुभ रहेगा। बुजुर्ग जातकों के लिये यह वर्ष शुभ नहीं है। अचानक होने वाली घटनाओं से आपको परेशानी होगी। नकारात्मक विचारों का शिकार हो सकते हैं। आपकी गलतियों को लेकर समाज में निन्दा हो सकती है। ऐसा कोई कार्य न करें जिससे आपकी प्रतिष्ठा की हानि हो। जून से सितम्बर के बीच आप परिवार से कुछ नाराज हो सकते हैं। वर्ष के अन्तिम कुछ महीनों में विदेश में रह रहे परिजनों से शुभ समाचार मिल सकते हैं। नवम्बर-दिसम्बर 2025 के महीने पारिवारिक दृष्टि से शुभ रहेंगे।

प्रेम जीवन: इस वर्ष 2025 आपके दाम्पत्य जीवन में प्रेम भाव की वृद्धि होगी। शुरुआत के चार महीने बहुत अच्छे रहेंगे। प्रेमी जन के साथ आप बहुत अच्छा समय बितायेंगे। लेकिन आपको उनसे ज्यादा अपेक्षा नहीं करनी चाहिये। ऐसा कई बार होगा जहाँ आपको रिश्तों में समझौता करना पड़ सकता है। झूठ और कपट से बचना चाहिये। अगस्त-सितम्बर के बीच विवाह आदि में शामिल हो सकते हैं।

शिक्षा और नौकरी: करियर को लेकर शुरुआत कुछ खास नहीं रहेगी लेकिन धीरे-धीरे आप गति में आ जायेंगे। आपकी रचनात्मक क्षमता का विकास होगा। जिसके कारण आप किसी नये स्टार्टअप की शुरुआत कर सकते हैं। जिसमें आपको बड़ा आर्थिक लाभ हो सकता है। 29 मार्च 2025 के बाद शनि आपकी राशि में गोचर करेंगे जिसके कारण आपको बहुत ज्यादा मेहनत करनी पड़ेगी और उसका परिणाम भी देर से मिलेगा। उच्च शिक्षा में कुछ तकनीकी कारणों से बाधा आ सकती है। आप जॉब और कारोबार में सफलता मिलेगी।

उपाय: भगवान श्री गणेश की आराधना करें।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Admin
Adminhttps://www.babapost.in
हम पाठकों को देश में हो रही घटनाओं से अवगत कराते हैं। इस वेब पोर्टल में आपको दैनिक समाचार, ऑटो जगत के समाचार, मनोरंजन संबंधी खबर, राशिफल, धर्म-कर्म से जुड़ी पुख्ता सूचना उपलब्ध कराई जाती है। babapost.in खबरों में स्वच्छता के नियमों का पालन करता है। इस वेब पोर्टल पर भ्रामक, अपुष्ट, सनसनी फैलाने वाली खबरों के प्रकाशन नहीं किया जाता है।
RELATED ARTICLES

Most Popular