रायपुर: छत्तीसगढ़ के नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव राज्य के सभी नगरीय निकायों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करंगे। यह समीक्षा राजधानी रायपुर में दो दिनों तक आयोजित मैराथन बैठकों के जरिए होगी।
नगरीय प्रशासन विभाग ने इस महत्वपूर्ण बैठक के लिए सभी नगर निगम आयुक्तों और मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को अपने वरिष्ठ अभियंताओं के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि योजनाओं की वास्तविक स्थिति का समग्र आकलन किया जा सके।
20 अप्रैल को सुबह 10 बजे से सिविल लाइन स्थित सर्किट हाउस कन्वेंशन हॉल में नगर निगमों के कार्यों की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे से नगर पालिकाओं के कामकाज का मूल्यांकन होगा। वहीं, 21 अप्रैल को संभागवार नगर पंचायतों की प्रगति पर दिनभर चर्चा की जाएगी।
इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति, उनके प्रभाव और क्रियान्वयन की स्थिति को परखना है। समीक्षा के दौरान राजस्व वसूली, बिजली बिलों के भुगतान, कर्मचारियों के वेतन, अधोसंरचना विकास और 15वें वित्त आयोग से जुड़े कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इसके अलावा, नालंदा परिसर, नगरोत्थान योजना, जल प्रदाय योजनाएं, आपदा प्रबंधन और गोधन योजना जैसे विषय भी एजेंडे में शामिल हैं। केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख योजनाएं जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत मिशन, स्वच्छ भारत मिशन और पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति भी विस्तार से जांची जाएगी।
साथ ही अटल मॉनिटरिंग पोर्टल, आई-गॉट कर्मयोगी प्लेटफॉर्म और रेन वाटर हार्वेस्टिंग जैसी पहल की स्थिति का भी आकलन किया जाएगा। यह समीक्षा राज्य के नगरीय विकास को गति देने और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।









