रायपुर. लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा प्राचार्य ई-संवर्ग काउंसिलिंग प्रक्रिया, जो 17 नवंबर 2025 से प्रारंभ होनी थी, को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। कुछ पदोन्नत प्राचार्यों द्वारा प्राप्त निवेदन को ध्यान में रखते हुए, उनके दावा-आपत्ति दर्ज करने के लिए अतिरिक्त समय प्रदान किया गया है।
नवीन निर्णय के अनुसार, 17 से 19 नवंबर 2025 तक दावा-आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी।
दावा-आपत्तियों के परीक्षण हेतु समिति का गठन
संचालनालय स्तर पर एक विशेष समिति बनाई गई है, जो प्राप्त सभी अभ्यर्थनाओं की समीक्षा करेगी।
समिति में शामिल अधिकारी:
- बी.एल. देवांगन – प्रभारी अधिकारी, उप संचालक
- एच.सी. दिलावर – सदस्य, सहायक संचालक
- रामजी पाल – सदस्य, सहायक संचालक
- सूरज यादव – सदस्य, सहायक वर्ग-3
- कृष्ण कुमार मेश्राम – सदस्य
समिति को निर्देश दिया गया है कि 21 नवंबर 2025 को अपनी पूर्ण रिपोर्ट संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय को प्रस्तुत करे। काउंसिलिंग की नई तिथि शीघ्र अलग से जारी की जाएगी।
सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश
संचालनालय ने सभी संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तुरंत सूचना प्रसारित करें, ताकि सभी अभ्यर्थी समय पर दावा-आपत्ति दर्ज कर सकें।
राष्ट्रीय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2025 में छत्तीसगढ़ चमका: 162 पदकों के साथ देश में दूसरा स्थान