बड़ी कार्रवाई: सरायपाली की राइस मिल में 61 हजार से अधिक बोरा धान की कमी, पूरा स्टॉक जब्त
महासमुंद. जिले में धान खरीदी और भंडारण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर जिलेभर में राइस मिलों का लगातार भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। इसी क्रम में सरायपाली विकासखंड स्थित बालोदिया राइस मिल में की गई जांच के दौरान भारी अनियमितता सामने आई है।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अनुपमा आनंद के नेतृत्व में खाद्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने राइस मिल का भौतिक सत्यापन किया। जांच में राइस मिल में 61,203 बोरा धान की गंभीर कमी पाई गई।
जांच में क्या-क्या सामने आया?
भौतिक सत्यापन के दौरान राइस मिल परिसर में—
- 2328 क्विंटल चावल (लगभग 4656 बोरा)
- 37,759.6 क्विंटल धान (लगभग 94,399 बोरा)
मौजूद पाया गया। रिकॉर्ड के अनुसार अपेक्षित मात्रा की तुलना में धान की अत्यधिक कमी दर्ज होने पर प्रशासन ने मौके पर मौजूद संपूर्ण धान और चावल के स्टॉक को जब्त कर लिया।
आगे क्या होगी कार्रवाई?
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई प्रारंभिक चरण है। जब्त किए गए स्टॉक को आगे की कानूनी प्रक्रिया और विस्तृत जांच के अधीन रखा गया है। दोषी पाए जाने पर राइस मिल संचालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का सख्त संदेश
जिला प्रशासन ने दो टूक कहा है कि—
“धान खरीदी और भंडारण में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।”
प्रशासन की इस कार्रवाई को जिले में पारदर्शी धान खरीदी व्यवस्था की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
अवैध धान परिवहन पर बड़ी कार्रवाई: बसना में पटवारी निलंबित