ओडिशा से अवैध धान परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 420 कट्टा धान और ट्रक जब्त

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

महासमुंद जिले में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर अवैध धान परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में संयुक्त टीम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है, ताकि ओडिशा से अवैध रूप से धान लाकर जिले में डंप करने की गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

सरायपाली ब्लॉक में 420 कट्टा अवैध धान जब्त

सरायपाली विकासखंड के ग्राम कोलीहादेवरी में डिप्टी कलेक्टर आशीष कर्मा के नेतृत्व में राजस्व टीम ने बड़ी कार्रवाई की। यहां ओडिशा से कोचियों के माध्यम से अवैध रूप से लाकर डंप किए गए 420 कट्टा धान को मौके पर ही जब्त किया गया। कार्रवाई के बाद डिप्टी कलेक्टर ने ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमावर्ती जांच नाका सिरपुर का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को सतर्कता बढ़ाने तथा कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए।

बागबाहरा में मिनी ट्रक पकड़ा गया

इसी तरह बागबाहरा ब्लॉक अंतर्गत ओडिशा सीमा के पास टूहलू चौकी क्षेत्र में देर रात कार्रवाई की गई। यहां अवैध रूप से धान परिवहन करते हुए एक मिनी ट्रक को पकड़ा गया। वाहन में भरे धान को जब्त कर प्रकरण दर्ज किया गया और जब्त धान को कोमाखान थाना क्षेत्र की मंडी को सुपुर्द किया गया।

आगे भी जारी रहेगी सख्त कार्रवाई

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान परिवहन, भंडारण और खरीदी के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सीमावर्ती क्षेत्रों में जांच नाकों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।

बड़ी कार्रवाई: सरायपाली की राइस मिल में 61 हजार से अधिक बोरा धान की कमी, पूरा स्टॉक जब्त