महासमुंद. धान और बारदाना में कमी पाए जाने के बाद सिंगबहाल धान उपार्जन केंद्र के प्रभारी के खिलाफ जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रायपुर शाखा सरायपाली के ब्रांच मैनेजर ने सिंघोड़ा थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है।
सिंघोड़ा थाने में दिए गए आवेदन में शाखा प्रबंधक अमृत लाल जगत पिता उत्तम जगत ने पुलिस को बताया कि 14 जनवरी को धान उपार्जन केंद्र सिंगबहाल में अनियमितता पाये जाने के संबंध में प्राप्त शिकायत की जांच तहसीलदार सरायपाली, खाद्य निरीक्षक सरायपाली एवं सहकारिता निरीक्षक सरायपाली के संयुक्त दल के द्वारा की गई थी।
प्रार्थी ने बताया कि जांच प्रतिवेदन मिलने के बाद धान उपार्जन केंद्र सिंगबहाल के प्रभारी शिवशंकर नायक के विरूद्ध एफआईआर कराई गई। मामले को लेकर बताया कि जांच टीम ने मौके पर शिकायतकर्ता प्रहलाद साहू पिता टिकेश्वर साहू निवासी ग्राम कोईलबहाल के उपार्जन केन्द्र में लाये गये धान की जांच की गई जिसमें प्रथम दृष्टया किसान का धान एफएक्यू मानक का नहीं होना पाया गया। जिस आधार पर किसान के द्वारा लाये गये धान की खरीदी नहीं किये जाने एवं उक्त धान की सफाई कर वापस अगले टोकन दिनांक को विक्रय हेतु लाने के लिए निर्देशित किया गया।
जांच तिथि 14 जनवरी को किसानों के द्वारा उपार्जन केंद्र में विक्रय हेतु लाये गये धान के बोरों का वजन किया गया, जिसमें बोरों का वजन क्रमशः 41.340 कि.ग्रा., 41.15 कि.ग्रा., 41.100 कि.ग्रा., 40.110 कि.ग्रा., 41.150 कि.ग्रा., 41.800 कि.ग्रा., 41.560 कि.ग्रा. एवं 41.900 कि.ग्रा. होना पाया गया, इससे यह स्पष्ट हुआ कि धान खरीदी केंद्र प्रभारी के द्वारा शासन के द्वारा तय मानक मात्रा से अधिक धान की खरीदी की गई है।
जांच के दौरान शिकायतकर्ता प्रहलाद साहू ने बताया कि 13 जनवरी को वह 168 क्विंटल धान विक्रय करने हेतु 4 ट्रैक्टरों में धान खरीदी केंद्र में लाया था, जिसकी ढेरी करने के पश्चात खरीदी केन्द्र प्रभारी शिवशंकर नायक के द्वारा जांच किया गया और धान भरने हेतु 420 बोरे प्रदान किए गये, बोरों में धान भरने के पश्चात हमालों के द्वारा बोरों का तौल किया गया जिसमें 412 बोरों का तौल हुआ एवं गिनती हुई तत्पश्चात खरीदी केन्द्र प्रभारी के द्वारा धान खराब है, बोलकर उनको 20 बोरी अतिरिक्त धान देने पर ही इसकी खरीदी करने की बात कही गई। इसके चलते शिकायतकर्ता प्रहलाद साहू और खरीदी केन्द्र प्रभारी शिवशंकर नायक के बीच में विवाद हुआ है।
मौके पर प्रोजेष्ठ प्रधान पिता खगेश्वर प्रधान ग्राम पंडरीपानी के द्वारा भी शिकायत प्रस्तुत किया गया, जिसके पश्चात प्रोजेष्ठ प्रधान पिता खगेश्वर प्रधान ग्राम पंडरीपानी ने भी सिंगबहाल समिति प्रबंधक शिवशंकर नायक के द्वारा 1 बोरी अतिरिक्त धान की मांग किए जाने के बात कही।
इस दौरान जांच टीम ने धान उपार्जन केन्द्र सिंगबहाल के प्रभारी शिवशंकर नायक से भी पूछताछ की, जिस पर उसने किसानों के लगाये गए आरोपों से इनकार किया गया एवं बताया गया कि उनके द्वारा केवल खराब धान होने के कारण खरीदी करने से मना किया गया था एवं अतिरिक्त धान नहीं मांगा गया है।
लेकिन मौके पर शिकायतकर्ता प्रहलाद साहू के द्वारा लाये गये धान लगभग 400 बोरा, जिसे खरीदी प्रभारी के द्वारा तौल होने के पश्चात स्वीकार नहीं किया गया था, के बोरों का तौल करके देखा गया, जिसमें तय सीमा से अधिक धान पाया गया, जिससे इस बात की पुष्टि हुई कि कृषकों से शासन द्वारा निर्धारित मानक मात्रा 40.700 कि.ग्रा. प्रति बोरा से अधिक मात्रा में धान तौल कर खरीदी की जा रही थी।
जांच प्रतिवेदन के अनुसार धान उपार्जन केंद्र में ऑनलाइन रिपोर्ट के अनुसार 84,222 पॉकिट धान पाया जाना था। जिसके विरूद्ध 83,355 पॉकिट धान पाया गया, जिसमें 867 पाकिट धान वजनी लगभग 346.80 क्विंटल धान की कमी पाई गई है। जिसकी कुल राशि 10,75,080 रुपए होती है तथा बारदाना की जांच करने पर 434 नग पुराना कीमत 10,850 रुपए तथा नया बारदाना 1,651 नग कीमत 1,18,541.80 रुपए की कमी होना पाया गया। इस प्रकार कुल कीमत लगभग 12,04,471.80 रुपए धान उपार्जन केंद्र सिंगबहाल के प्रभारी शिवशंकर नायक के द्वारा शासन के साथ धोखाधड़ी कर शासन को क्षति पहुचाया गया है। मामले की शिकायत के बाद सिंघोड़ा में आरोपी के विरूद्ध धारा 318 (3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, जेल से छूटे आरोपी ने महिला की हत्या कर शव को जलाया, सालभर बाद हुआ गिरफ्तार