महासमुंद. भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय (Education Ministry) के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा संचालित राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत राज्य के 8वीं में अध्ययनरत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।
योजना के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 8वीं में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों से निःशुल्क ऑफलाइन एवं ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा इस परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।\
जिला शिक्षा अधिकारी महासमुंद बी.एल. देवांगन ने बताया कि इच्छुक विद्यार्थियों को अपना आवेदन 23 अक्टूबर 2026 तक संबंधित विद्यालय में जमा करना होगा। इस परीक्षा का आयोजन शनिवार, 12 दिसंबर 2026 को किया जाएगा। जिले में परीक्षा के लिए कुल 5 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें प्रत्येक विकासखंड में एक परीक्षा केंद्र होगा।
योजना के अंतर्गत शासकीय विद्यालयों, शासकीय अनुदान प्राप्त विद्यालयों तथा स्थानीय निकाय के विद्यालयों में कक्षा 8वीं में अध्ययनरत विद्यार्थी आवेदन करने के पात्र होंगे। इसके लिए विद्यार्थी का पिछली कक्षा अर्थात कक्षा 7वीं में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना आवश्यक है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को निर्धारित अंकों में 5 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त विद्यार्थी के अभिभावक की वार्षिक आय 3.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आय प्रमाण पत्र एवं जाति प्रमाण पत्र ऑनलाइन माध्यम से जारी होना अनिवार्य है। खबरें पढ़ने के लिए babapost.in पर विजिट करें।

