महासमुंद. राज्य एनएसएस अधिकारी डॉ नीता बाजपेयी के निर्देशानुसार सेवा पखवाड़ा 2025 के तहत 17 सितंबर से 02 अक्टूबर 2025 तक विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी तारतम्य में राष्ट्रीय सेवा योजना जिला महासमुंद में महासमुंद ब्लॉक के महाविद्यालय कार्यक्रम अधिकारियों की ब्लॉक स्तरीय बैठक अग्रणी महाविद्यालय प्राचार्य करुणा दुबे एवं डॉ. मालती तिवारी जिला संगठक रासेयो जिला महासमुंद के मार्गदर्शन में रासेयो जिला संगठक कार्यालय शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हुई।
अजय कुमार राजा कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि सेवा पखवाड़ा 2025 के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, मैराथन दौड़, स्वास्थ्य शिविर, रासेयो देशी खेलकूद, रासेयो स्थापना दिवस, प्रबुद्धजनों का सम्मेलन कार्यक्रम, 02 अक्टूबर को महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती की जानकारी दी। डॉ मालती तिवारी द्वारा सभी इकाई को सक्रिय रूप से कार्य करने के साथ साथ हर गतिविधि को माय भारत पोर्टल पर अपलोड करने को कहा गया। साथ ही रासेयो स्थापना दिवस पर रासेयो देशी खेलकूद आयोजित करने के लिए निर्देशित किया गया। राज्य स्तरीय अवॉर्ड फाइल बनाने के लिए दिशा निर्देश दिया गया। बैठक में कार्यक्रम अधिकारीयों ने भी सेवा पखवाड़ा 2025 के कार्यक्रम के संबंध में अपने विचार रखें।
सम्मिल्लित रासेयो इकाईयों को रासेयो बैच, डायरी, ए एवं बी प्रमाण पत्र वितरण किया गया। इस ब्लॉक स्तरीय बैठक में शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय के रासेयो कार्यक्रम अधिकारी अजय कुमार राजा, शासकीय माता कर्मा कन्या महाविद्यालय डॉ. सरस्वती वर्मा, राजेश्वरी सोनी शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मोनकलाल बारले कार्यक्रम अधिकारी प्रतिनिधि इंडियन कॉलेज, मनहरण ठाकुर नवीन महाविद्यालय चिरको, गायत्री चंद्राकर शांत्री बाई कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, लक्ष्मण मानिकपुरी शाउमावि बिरकोनी, भारती सोनी स्वामी आत्मानंद शासकीय आदर्श हिंदी माध्यम विद्यालय, रिचा पटेल शाउमिव शेर, अनीता वंजारी गुड शेफर्ड अंग्रेजी माध्यम विद्यालय महासमुंद, वरिष्ठ स्वयंसेवक प्रकाशमणि साहू उपस्थित रहे। बैठक में स्वयंसेवक विजय ब्रम्हे, जनक साहू, धनराज चतुर्वेदी, कामता भारती, देवेन्द्र साहू ने सहयोग प्रदान किया।