महासमुंद. जिले में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को पारदर्शी, सुचारू और किसान हित में संचालित करने के उद्देश्य से कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने पिथौरा विकासखंड के चार धान उपार्जन केंद्रों — सोनासिल्ली, परसवानी, सांकरा और सुखीपाली — का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने धान बेचने पहुंचे किसानों से संवाद कर धान उत्पादन, उपार्जन केंद्र में धान की मात्रा, टोकन जारी प्रक्रिया और नमी परीक्षण से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने धान की नमी जांच प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कहा कि प्रत्येक वाहन की 100 प्रतिशत गेट पास एंट्री दर्ज होना अनिवार्य है।
कलेक्टर ने अब तक खरीदे गए धान की मात्रा और उसके लिए जारी बारदाने की भौतिक सत्यापन भी कराया। निरीक्षण के दौरान किसानों के लिए साफ-सफाई, पेयजल, शेड, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, कैप कवर, बारदाना, कंप्यूटर, प्रिंटर और इंटरनेट सुविधा सहित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि खरीदे गए धान की प्रतिदिन सही तरीके से स्टैकिंग की जाए और प्रत्येक बोरी पर स्टेंसिल लगाना अनिवार्य है।
एग्रीस्टेक पंजीयन पर महत्वपूर्ण जानकारी
किसानों को बताया गया कि कैरीफॉरवर्ड, डूबान एवं वन पट्टाधारी किसानों के पंजीयन हेतु समय सीमा 30 नवंबर 2025 तक बढ़ाई गई है। सभी पात्र किसानों का पंजीयन अब समिति लॉगिन के माध्यम से किया जा सकेगा।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि —
“एग्रीस्टेक एप में पंजीकृत किसानों का धान अवश्य खरीदा जाएगा। रकबा एंट्री और वारिसान पंजीकरण त्रुटि का सत्यापन जारी है।”
सुखीपाली समिति प्रबंधक निलंबित
सुखीपाली केंद्र में निरीक्षण के दौरान धान स्टैकिंग अव्यवस्थित मिली, बारदाना बिना टैग के पाया गया और खरीदी केंद्र पर CCTV कैमरा भी नहीं लगाया गया था। धान खरीदी नीति के उल्लंघन और लापरवाही के आधार पर समिति प्रबंधक रविशंकर सेठ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
11वें दिन की खरीदी स्थिति
जिले के 82 उपार्जन केंद्रों में अब तक कुल 7,44,115 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान खरीदी कार्य में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा अवैध धान खरीदी-बिक्री पर सख्त कार्रवाई की जाए।
महासमुंद जिले में बड़ी कार्रवाई: 1087 कट्टा अवैध धान जब्त, कलेक्टर के निर्देश पर लगातार अभियान तेज