कलेक्टर ने धान उपार्जन केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, पारदर्शिता और किसानों की सुविधा को दी प्राथमिकता
महासमुंद. ज़िले में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर चल रही धान खरीदी व्यवस्था का निरीक्षण करने कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज बिरकोनी और सरायपाली विकासखंड के कई धान उपार्जन केंद्रों सहित अंतरराज्यीय चेक पोस्ट सिरपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने धान बेचने पहुंचे किसानों से सीधे संवाद कर खरीदी से संबंधित जानकारी ली और कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।
कलेक्टर ने किसानों द्वारा लाई गई धान की गुणवत्ता एवं नमी परीक्षण प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अधिक नमी वाले धान को स्वीकार न किया जाए तथा नमी जांच में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी केंद्रों में 100% गेट पास एंट्री अनिवार्य रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए और जारी बारदाने एवं खरीदी गई मात्रा का भौतिक सत्यापन कराया।
किसानों की सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर लंगेह ने धान खरीदी केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं का भी जायजा लिया, जिनमें शामिल था—
- साफ-सफाई एवं पेयजल व्यवस्था
- किसानों के बैठने हेतु छायादार स्थान
- इलेक्ट्रॉनिक कांटा एवं वज़न सत्यापन
- कैप कवर, बारदाना, कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट सुविधा का निरीक्षण
- पर्याप्त संख्या में हमालों की उपलब्धता
- प्रतिदिन खरीदे गए धान की व्यवस्थित स्टैकिंग और बोरी पर स्टेंसिलिंग
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि—
“धान खरीदी कार्य पूरी तरह सुचारू, पारदर्शी और किसानों के हित में हो, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोचियों और बिचौलियों के माध्यम से अवैध धान खरीदी-बिक्री पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
अंतरराज्यीय चेक पोस्ट का निरीक्षण भी किया
कलेक्टर लंगेह ने सिरपुर अंतरराज्यीय चेक पोस्ट की भी समीक्षा की, जहां—
- वाहन जांच प्रक्रिया
- दस्तावेज सत्यापन
- इंटर स्टेट मूवमेंट रजिस्टर
- सीसीटीवी व्यवस्था और सुरक्षा निगरानी
- उपस्थिति रजिस्टर
का निरीक्षण किया गया। उन्होंने अवैध परिवहन पर तुरंत वाहन सीज़ कर प्रकरण दर्ज करने के निर्देश दिए।
अब तक की धान खरीदी का आंकड़ा
आज धान खरीदी का 9वां दिन है, और:
- जिले की 130 समितियों के 182 उपार्जन केंद्रों में से 155 केंद्र सक्रिय
- 2,05,453 क्विंटल धान की खरीदी पूरी
- अवैध परिवहन पर अब तक 51 प्रकरण दर्ज
- 5,071 क्विंटल धान जब्त (राज्य में सर्वोच्च)
कलेक्टर के मार्गदर्शन में सभी केंद्रों में किसानों से निर्बाध खरीदी सुनिश्चित की जा रही है और अवैध परिवहन रोकने संयुक्त टीम की कार्रवाई निरंतर जारी है। बिरकोनी में निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अक्षा गुप्ता, सरायपाली में अनुविभागीय अधिकारी अनुपमा आनंद, संबंधित तहसीलदार, खाद्य, सहकारिता एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।