महासमुंद. सरायपाली विधायक के लेटरहेड का डुप्लीकेट तैयार कर इंजीनियर की शिकायत करने वाले अज्ञात व्यक्ति के विरूद्ध सरायपाली थाने में अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि सरायपाली विधायक चातुरी नंद के निज सहायक व प्रार्थी विभीषण चौहान ने थाने में विधायक के लेटरहेड का डुप्लीकेट तैयार कर फर्जी तरीके से पत्राचार करने वाले अज्ञात व्यक्ति के विरूद्ध लिखित शिकायत प्रस्तुत किया है। प्रार्थी ने शिकायत आवेदन में बताया है कि विधायक सरायपाली चातुरी नंद के लेटरहेड का फर्जी तरीके से उपयोग करते हुए एक पत्र क्र. 80/2026 दिनांक 18/09/26 को मुख्यमंत्री छग शासन महानंदी भवन नया रायपुर छग को महासमुंद जिला अंतर्गत लोक निर्माण विभाग उप संभाग सरायपाली के सब इंजीनियर द्वारा गुणवत्ताहीन कार्य कराने के संबंध में शिकायत पत्र जारी किया गया है, लेकिन उक्त पत्र का अवलोकन करने पर यह स्पष्ट हुआ कि यह पत्र विधायक सरायपाली द्वारा जारी नहीं किया गया है तथा कार्यालय के अधिकृत अभिलेख क्रमांक से भी संबंधित नहीं है।
प्रार्थी ने अपने आवेदन में पुलिस को बताया कि विधायक कार्यालय द्वारा उक्त पत्र जारी करने तथा उसमें वर्णित विषय के संबंध में किसी व्यक्ति को पत्र जारी करने की अनुमति नहीं दी गई है। इस प्रकार की घटना से विधायक एवं विधायक कार्यालय की प्रतिष्ठा एवं विश्वसनीयता प्रभावित होने के साथ-साथ भविष्य में भी किसी प्रकार के फर्जी दस्तावेज तैयार कर शासकीय अधिकारियों अथवा आम नागरिकों को भ्रमित किए जाने की संभावना है। इसलिए भविष्य में विधायक के नाम, लेटरहेड एवं पदनाम का दुरूपयोग कर इस प्रकार के फर्जी पत्र जारी करने वाले व्यक्तियों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सरायपाली थाने में उक्त शिकायत आवेदन के आधार पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध धारा 319(2), 336(3), 340(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है।






